अप्रैल में महंगा होगा बिजली बिल : उपभोक्ताओं पर 2.14 प्रतिशत का अतिरिक्त बोझ, 1000 रुपये के बिल पर 21 रुपये extra

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार : उत्तर प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं के लिए अप्रैल महीना महंगा रहने वाला है। पावर कॉरपोरेशन ने ईंधन अधिभार शुल्क की नई दरें तय की हैं, जिससे बिजली बिल में 2.14 प्रतिशत की बढ़ोतरी होगी। यानी 1000 रुपये के बिल पर करीब 21 रुपये अतिरिक्त देने होंगे।

मार्च में ईंधन अधिभार शुल्क नकारात्मक होने से उपभोक्ताओं को राहत मिली थी, लेकिन अप्रैल में इसके पॉजिटिव होने से बोझ बढ़ेगा। पावर कॉरपोरेशन के अनुसार, इस बढ़ोतरी से उपभोक्ताओं से करीब 142 करोड़ रुपये अतिरिक्त वसूले जाएंगे। राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद ने अधिभार शुल्क की गणना पर सवाल उठाते हुए इसकी जांच की मांग की है।

बकाया राशि समायोजन की मांग

परिषद का कहना है कि बिजली कंपनियों पर उपभोक्ताओं का करीब 51 हजार करोड़ रुपये बकाया है, जिसे पहले समायोजित किया जाना चाहिए, न कि नया बोझ डाला जाए।

स्मार्ट प्रीपेड मीटर से बढ़ी परेशानी

परिषद के अनुसार, स्मार्ट प्रीपेड मीटर से उपभोक्ताओं को दिक्कतें हो रही हैं। बैलेंस खत्म होते ही बिजली कट जाती है और भुगतान के बाद भी आपूर्ति बहाल होने में देरी होती है। विभाग का कहना है कि सर्वर और डेटा अपडेट में देरी के कारण यह समस्या आती है, हालांकि सूचना मिलते ही बिजली चालू करने का दावा किया जा रहा है।

संबंधित समाचार