Bareilly : छावनी में कचरे से बनेगी बिजली, ग्रीन जोन बनने की दिशा में उठाया कदम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। छावनी क्षेत्र में कचरे से बिजली और बायो-सीएनजी बनाने की योजना को अमलीजामा पहनाने का काम शुरू कर दिया गया है। यह कदम क्षेत्र को ग्रीन जोन बनाने की दिशा में उठाया गया है।

सीईओ डॉ. तनु जैन ने बताया कि छावनी परिषद ने इंटीग्रेटेड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट स्थापित करने का निर्णय लिया है। इस प्लांट में प्रतिदिन 40 टन से अधिक गीला और सूखा कचरा वैज्ञानिक तरीके से निस्तारित किया जाएगा। इससे न केवल कचरे की समस्या कम होगी, बल्कि पर्यावरण को भी बड़ा लाभ मिलेगा। परियोजना के तहत कचरे से ग्रीन एनर्जी तैयार की जाएगी। सूखे और ठोस अपशिष्ट से बिजली उत्पादन के साथ-साथ बायो-सीएनजी भी बनाई जाएगी।

इससे छावनी क्षेत्र ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ेगा। परियोजना के लागू होने के बाद स्थानीय निवासियों को पाइपलाइन के माध्यम से गैस उपलब्ध कराने की योजना है। इससे घरेलू उपयोग में सुविधा बढ़ेगी। एलपीजी पर निर्भरता कम होगी। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर सीएसआर फंड के जरिए करीब 25 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जाएंगे।

संबंधित समाचार