Hanuman Jayanti: कल चित्रा नक्षत्र का संयोग, ज्योतिषाचार्य से जानें शुभ मुहूर्त और पूजा का समय
लखनऊ, अमृत विचारः हनुमान जयंती गुरुवार को मनाई जाएगी। चैत्र माह की पूर्णिमा 1 अप्रैल को प्रातः 07:06 बजे से 2 अप्रैल को प्रातः 07:41 बजे तक रहेगी। उदयातिथि में जयंती 2 अप्रैल गुरुवार को मनाना शुरू माना गया है। गुरुवार को चित्रा नक्षत्र का विशेष संयोग भी बन रहा है।
ज्योतिषाचार्य एसएस नागपाल ने बताया कि मान्यता है कि भगवान शिव के 11वें रुद्र अवतार हनुमान जी का जन्म माता अंजना के गर्भ से हुआ था। जन्म का समय दिन में माना जाता है। कलयुग में सर्वाधिक पूजनीय हनुमान जी को संकटमोचन, बजरंगबली, पवन पुत्र, महावीर और आंजनेय नामों से भी जाना जाता है।
हनुमान जयंती के दिन भक्त व्रत रखकर श्रीराम, मां सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी की पूजा करते हैं। सुंदरकांड और हनुमान चालीसा का पाठ विशेष फलदायी माना गया है। पूजा में लाल वस्त्र, सिंदूर, चमेली का तेल, लाल फूल और बेसन के लड्डू अर्पित करने से हनुमान जी शीघ्र प्रसन्न होते हैं।
इस दिन मंगल ग्रह का राशि परिवर्तन भी विशेष महत्व रखता है। पूजा के लिए अभिजीत मुहूर्त 11:45 बजे से 12:35 बजे तक श्रेष्ठ रहेगा। हनुमान जी की आराधना से बल, बुद्धि, साहस और संकटों से मुक्ति प्राप्त होती है।
