बाराबंकी में पुलिस का महाअभियान; 541 वाहनों के काटे चालान, वसूला करीब 40 लाख का जुर्माना
बाराबंकी, अमृत विचार। यातायात निदेशालय के निर्देश पर सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ दो दिवसीय विशेष अभियान चलाया। 12 मई और 18 मई को जिले के सभी सर्किल क्षेत्रों के टोल प्लाजा पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान प्रत्येक टोल लेन पर पुलिस टीमें तैनात रहीं, जो ब्रेथ एनालाइजर, बॉडी वार्न कैमरा और रिफ्लेक्टिव जैकेट जैसे आधुनिक उपकरणों से लैस थीं।
पुलिस ने ड्रिंक एंड ड्राइव, मोडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, हूटर और फाल्टी नंबर प्लेट वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की। दोनों दिनों में कुल 1153 वाहनों की जांच की गई, जिसमें शराब पीकर वाहन चलाने वाले 60 चालकों पर कार्रवाई की गई। वहीं मोडिफाइड साइलेंसर के 24, प्रेशर हॉर्न के 234 और फाल्टी नंबर प्लेट के 63 मामलों सहित कुल 381 वाहनों का चालान किया गया। इस दौरान 32.79 लाख रुपये का शमन शुल्क अधिरोपित किया गया।
पुलिस के अनुसार 9, 10, 12 और 18 मई को चलाए गए संयुक्त अभियान में कुल 4231 वाहनों की जांच हुई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 541 वाहनों के चालान काटे गए और 39.49 लाख रुपये का शमन शुल्क लगाया गया। अभियान में शराब पीकर वाहन चलाने वाले 144 चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। इसके अलावा 298 प्रेशर हॉर्न, 34 मोडिफाइड साइलेंसर, दो अवैध हूटर और 63 फाल्टी नंबर प्लेट वाले वाहनों पर भी कार्रवाई की गई।
