ट्रंप की ईरान को दी चेतावनी के कारण डॉलर मजबूत: सोना-चांदी की कीमत में गिरावट, कच्चे तेल की कीमतों में तेजी 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

दिल्ली। वायदा कारोबार में बृहस्पतिवार को सोने की कीमतें 6,004 रुपये टूटकर 1.47 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम रह गईं। यह गिरावट पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के कारण हुई, जिससे अमेरिकी डॉलर मज़बूत हुआ और निवेशकों की कारोबारी धारणा प्रभावित हुई।

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में सोने में चार दिनों से जारी तेजी का रुख पलट गया। सोने के जून माह में आपूर्ति वाले अनुबंध का भाव 6,004 रुपये यानी 3.91 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,47,704 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। 

विश्लेषकों ने कहा कि कीमती धातुओं की कीमतें इसलिए गिर गईं, क्योंकि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टिप्पणियों के बाद ईरान के साथ चल रहे संघर्ष के और बढ़ने की आशंका के बाद डॉलर में फिर से मज़बूती देखी गई। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में, जून अनुबंध वाले कॉमेक्स सोना वायदा में चार दिन की तेज़ी भी थम गई, यह 194.70 डॉलर या 4.05 प्रतिशत गिरकर 4,618.40 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ। 

चांदी के भाव में 14,301 रुपये की गिरावट 

वायदा कारोबार में चांदी की कीमत बृहस्पतिवार को 14,301 रुपये टूटकर 2.29 लाख रुपये प्रति किलोग्राम रह गई। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई तेज करने की चेतावनी देने के बाद भू-राजनीतिक तनाव बढ़ने से डॉलर मजबूत हुआ और कीमती धातुओं पर दबाव पड़ा है।

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर चार सत्र से जारी तेजी का सिलसिला टूटा और चांदी की कीमत बृहस्पतिवार को 14,301 रुपये या 5.87 प्रतिशत की गिरावट के साथ 2,29,200 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई। 

इंडसइंड सिक्योरिटीज के वरिष्ठ शोध विश्लेषक जिगर त्रिवेदी ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के खत्म होने को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी न देने और अमेरिका के ईरान पर अपने रणनीतिक लक्ष्यों को लगभग हासिल करने की बात कहने से बृहस्पतिवार को चांदी की कीमतों भारी गिरावट आई।

अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में, मई आपूर्ति वाले चांदी के अनुबंध का वायदा भाव 6.45 प्रतिशत की गिरावट के साथ 71.16 डॉलर प्रति औंस रह गया। बाजार प्रतिभागी संघर्ष के इर्द-गिर्द बदलती बयानबाजी के प्रति अत्यधिक संवेदनशील बने हुए हैं क्योंकि निवेशक भू-राजनीतिक जोखिमों का पुनर्मूल्यांकन कर रहे हैं। 

मजबूत हाजिर मांग से कच्चे तेल का वायदा भाव में तेजी 

पश्चिम एशिया टकराव के कारण ऊर्जा आपूर्ति की गंभीर बाधाओं की वजह से वायदा कारोबार में बृहस्पतिवार को कच्चा तेल की कीमत 689 रुपये की तेजी के साथ 9,228 रुपये प्रति बैरल हो गयी। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में कच्चे तेल का मई माह में डिलिवरी होने वाला अनुबंध 689 रुपये या 8.07 प्रतिशत की तेजी के साथ 9,228 रुपये प्रति बैरल हो गया। इसमें 5,930 लॉट के लिए कारोबार हुआ। 

बाजार विश्लेषकों ने कहा कि कारोबारियों द्वारा अपने सौदों का आकार बढ़ाने से कच्चातेल वायदा कीमतों में तेजी आई। वैश्विक स्तर पर वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट कच्चा तेल 8.23 प्रतिशत की तेजी के साथ 108.53 डॉलर प्रति बैरल हो गया जबकि ब्रेंट क्रूड का दाम 7.99 प्रतिशत बढ़कर 109.24 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।

ये भी पढ़ें :
Stock market closed: नुकसान से उबरा शेयर बाजार, 185 अंक चढ़ा सेंसेक्स, निफ्टी ने लगाई छलांग 

संबंधित समाचार