बाराबंकी में ड्राइवर की सूझ बूझ से हाईवे पर टला बड़ा हादसा, नहीं रुका लीकेज, दूसरे टैंकरों में भरी गई गैस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी, अमृत विचार। नेशनल हाईवे पर बुधवार शाम छह बजे नेपाल जा रहे गैस टैंकर से शुरु हुआ लीकेज गुरुवार की सुबह तक होता रहा। तीन जिलों से आई टीम विफल हुई तो अन्य टैंकर मंगाकर गैस शिफ्ट की गई और खाली टैंकर वापस चला गया। करीब 16 घंटे बाद हाईवे पर यातायात सुचारु हो सका, पूरी रात पुलिस व प्रशासनिक अफसर हालात पर नजर बनाए हुए थे।

बताते चलें कि मथुरा से दस लाख से अधिक की कीमत का करीब 17.42 एमटी गैस लेकर टैंकर नेपाल की ओर जा रहा था। बुधवार शाम करीब 6 बजे नेशनल हाईवे पर असैनी ओवरब्रिज की सर्विस लेन पर टैंकर से अचानक रिसाव शुरु हो गया। इसका पता चलते ही चालक गुरुप्रीत सिंह ने वाहन रोका और लकड़ी की गुल्ली से रिसाव रोकने की कोशिश की पर सफलता नहीं मिली।

खबर फैलते ही पूर्ति अधिकारी, पुलिस, यातायात कर्मी, दमकल वाहन मौके पर पहुंच गए। तब तक दोनों ओर लंबा जाम लग गया। देर रात लखनऊ व दो अन्य जिलों से टीमें आईं पर रिसाव रोकने की कोशिश बेकार गई। इस बीच वाहन दूसरे रास्तों से होकर निकलते रहे। आखिरकार अन्य जिलों से टैंकर मंगाकर उनमें बची गैस शिफ्ट कराई गई और थोड़ी बची गैस को पानी के सहारे निकलवाकर जमींदोज करा दिया गया।

इस तरह खतरा टला, यातायात सुचारु हुआ और प्रशासनिक पुलिस अधिकारियों ने राहत की सांस ली लेकिन इस कवायद में गुरुवार को दस बज गए। इस दौरान एसपी अर्पित विजयवर्गीय, डीएसओ आदि देर तक मौजूद रहे। हादसे की जानकारी रखने वाले लोग टैंकर चालक की सूझ बूझ की प्रशंसा करते रहे।

संबंधित समाचार