Reform-Perform-Transform मंत्र से यूपी चमका... सिंगापुर कंपनियां बनी निवेश का केंद्र
लखनऊ, अमृत विचार: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से गुरुवार को भारत में सिंगापुर के उच्चायुक्त साइमन वोंग ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच निवेश, कौशल विकास, आधारभूत संरचना और सांस्कृतिक सहयोग को और मजबूत बनाने पर सहमति बनीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश ‘रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म’ के मंत्र के साथ तेजी से विकसित होती अर्थव्यवस्था के रूप में उभरा है। प्रदेश में बेहतर कानून-व्यवस्था, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, एक्सप्रेस-वे नेटवर्क, डिफेंस कॉरिडोर और लॉजिस्टिक्स हब निवेशकों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध करा रहे हैं।
उच्चायुक्त वोंग ने मुख्यमंत्री की हालिया सिंगापुर यात्रा को सफल बताते हुए कहा कि इससे वैश्विक निवेशकों में उत्तर प्रदेश को लेकर विश्वास बढ़ा है। उन्होंने बताया कि सिंगापुर सहित आसपास के देशों का औद्योगिक जगत अब यूपी को निवेश के नए अवसरों के केंद्र के रूप में देख रहा है। उन्होंने प्रदेश में बीते वर्षों में कानून-व्यवस्था, इंफ्रास्ट्रक्चर और औद्योगिक विकास में हुए सुधारों की सराहना करते हुए कहा कि सिंगापुर की कंपनियां यहां निवेश बढ़ाने की दिशा में सक्रिय हैं। साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि सिंगापुर का एक बड़ा औद्योगिक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही उत्तर प्रदेश का दौरा करेगा और निवेश संभावनाओं का आकलन करेगा।
बैठक में कौशल विकास (स्किल डेवलपमेंट) के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर भी सहमति बनी, जिससे प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
पर्यटन और औद्योगिक क्षेत्रों में सहयोग पर जोर
दोनों पक्षों ने कुशीनगर और सारनाथ जैसे बौद्ध पर्यटन स्थलों की संभावनाओं पर चर्चा करते हुए पर्यटन क्षेत्र में साझेदारी बढ़ाने पर भी सहमति जताई। साथ ही नोएडा, ग्रेटर नोएडा, झांसी और वाराणसी समेत विभिन्न क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं को आगे बढ़ाने की बात कही गई।
सिंगापुर को महत्वपूर्ण वैश्विक साझेदार
मुख्यमंत्री ने सिंगापुर को महत्वपूर्ण वैश्विक साझेदार बताते हुए कहा कि औद्योगिक निवेश, शहरी विकास, लॉजिस्टिक्स, स्किल डेवलपमेंट और पर्यटन के क्षेत्र में दीर्घकालिक सहयोग से दोनों पक्षों को लाभ होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में यह साझेदारी निवेश, नवाचार और रोजगार सृजन के नए आयाम स्थापित करेगी।
