29.62 करोड़ की 456 परियोजनाओं का लोकार्पण, महापौर ने कहा विकास और विरासत के बीच संतुलन बनाए रखें
लखनऊ, अमृत विचार : राजधानी में 29.62 करोड़ से सड़कों, नालियों एवं पार्कों सहित कुल 456 विकास परियोजनाओं का गुरुवार को महापौर सुषमा खर्कवाल ने लालबाग स्थित झंडी वाला पार्क में लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि लखनऊ एक ऐतिहासिक और सांस्कृतिक नगरी होने के साथ-साथ तेजी से विकसित होता आधुनिक शहर भी है। ऐसे में हमारी जिम्मेदारी है कि हम विकास और विरासत के बीच संतुलन बनाए रखें। उन्होंने कहा कि नगर निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों, अभियंताओं और जनप्रतिनिधियों के सामूहिक प्रयासों से ही यह कार्य संभव हो पाया।
इस अवसर पर कार्यकारिणी उपाध्यक्ष चरनजीत गांधी, उपनेता पार्षद दल भाजपा सुशील तिवारी ‘पम्मी’, नगर आयुक्त गौरव कुमार, पार्षद सफीकुर रहमान, गिरीश गुप्ता, आशीष हितैषी, यावर हुसैन रेशु, अपर नगर आयुक्त पंकज श्रीवास्तव, अरुण कुमार गुप्त, मुख्य अभियंता महेश वर्मा, नगर अभियंता अतुल मिश्रा आदि उपस्थित थे।
पोर्टल से कर सकेंगे कल्याण मण्डपों की ऑनलाइन बुकिंग
कार्यक्रम के दौरान महापौर ने नगर निगम निगम के कल्याण मण्डपों और सामुदायिक केंद्रों की ऑनलाइन बुकिंग के लिए पोर्टल का शुभारंभ किया। इससे लोग अब घर बैठे कल्याण मण्डपों की बुकिंग करा सकेंगे। अभी तक लोगों को बुकिंग कराने के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे। नागरिक ऑनलाइन उपलब्धता देखकर ऑनलाइन बुकिंग करा सकेंगे।
