योगी सरकार का बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 9 IAS अधिकारियों के हुए ट्रांसफर

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊः योगी सरकार ने उत्तर प्रदेश में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल कर दिया है। भारतीय प्रशासनिक सेवा के 9 अधिकारियों के ट्रांसफर और नए पदों के आदेश जारी कर दिए गए हैं। विभिन्न विभागों में तैनात इन अधिकारियों को नए दायित्व सौंपे गए हैं, साथ ही कई अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार भी दिए गए हैं।

जारी आदेश के अनुसार, नियुक्ति एवं कार्मिक विभाग में प्रमुख सचिव एस.एम. देवराज को उनके वर्तमान पद के साथ-साथ उत्तर प्रदेश प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी का महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।समाज कल्याण एवं सैनिक कल्याण विभाग की जिम्मेदारी अब अनुराग यादव संभालेंगे। उन्हें प्रमुख सचिव, आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग से हटाकर समाज कल्याण एवं सैनिक कल्याण विभाग का प्रमुख सचिव बनाया गया है।आलोक कुमार-III, जो वर्तमान में नियोजन तथा कार्यक्रम कार्यान्वयन विभाग के प्रमुख सचिव हैं, उन्हें उनके मौजूदा पद के साथ आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। साथ ही वे वन ट्रिलियन डॉलर इकॉनमी एवं जीरो पावर्टी के नोडल अधिकारी भी बने रहेंगे।इसके अलावा, सौरभ बाबू, प्रमुख सचिव, ग्राम्य विकास एवं ग्रामीण अभियंत्रण सेवा विभाग को दीनदयाल उपाध्याय राज्य ग्राम्य विकास संस्थान का महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।रवि रंजन, जो पहले यू.पी. इलेक्ट्रॉनिक्स कारपोरेशन और यू.पी. एग्रो के प्रबंध निदेशक थे, अब उन्हें विशेष सचिव, चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग बनाया गया है।

टी.के. शिबु को उनके वर्तमान पद के साथ प्रबंध निदेशक, यू.पी. एग्रो का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। प्रतीक्षारत आईएएस अधिकारी हिमांशु कौशिक को प्रबंध निदेशक, यू.पी. इलेक्ट्रॉनिक्स कारपोरेशन बनाया गया है।वहीं, प्रतीक्षारत आईएएस अधिकारी सौम्या गुरूरानी को नगर आयुक्त, नगर निगम शाहजहांपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।डॉ. बिपिन कुमार मिश्रा, जो अब तक शाहजहांपुर नगर निगम के नगर आयुक्त थे, उन्हें अपर प्रबंध निदेशक, उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम में तैनात किया गया है।सरकार का यह प्रशासनिक फेरबदल विभिन्न विभागों को नई गति देने और बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में उठाया गया कदम माना जा रहा है।

संबंधित समाचार