सीएम योगी ने किये बाबा विश्वनाथ और काल भैरव के दर्शन, दुकानदारों और बच्चों से किया संवाद
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार सुबह बाबा विश्वनाथ व 'काशी कोतवाल' काल भैरव का दर्शन-पूजन किया। एक आधिकारिक बयान जारी कर यह जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री ने मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद वहां से निकलकर आसपास के दुकानदारों और बच्चों से संवाद किया और उनका कुशलक्षेम जाना। मुख्यमंत्री ने बच्चों को उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद भी दिया।
एक बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री शुक्रवार को दो दिवसीय दौरे पर काशी पहुंचे। शनिवार सुबह उन्होंने बाबा काल भैरव के दरबार में पहुंचकर माथा टेका और आरती की। मंदिर से निकलते समय उन्होंने आसपास के दुकानदारों व बच्चों से बातचीत की। सभी ने प्रणाम कर मुख्यमंत्री का अभिवादन किया। मुख्यमंत्री श्रीकाशी विश्वनाथ धाम भी पहुंचे।
गर्भगृह में प्रवेश कर उन्होंने लोक मंगल की कामना के साथ बाबा विश्वनाथ का षोडशोपचार पूजन-अभिषेक किया और आरती की। मुख्यमंत्री ने यहां से प्रस्थान करते समय श्रद्धालुओं का अभिवादन भी किया। इस दौरान मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं ने "हर-हर महादेव" के जयकारे लगाए। मुख्यमंत्री के साथ कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, अनिल राजभर, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल, राज्यमंत्री संदीप सिंह, विधायक नीलकंठ तिवारी, सुशील सिंह, अवधेश सिंह आदि ने भी दर्शन-पूजन किया।
