Bareilly: कम-पढ़े लिखे बॉयफ्रेंड को पसंद नहीं था नीतू किसी और से बात करे

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली/ सीबीगंज। डीएलएड की पढ़ाई कर रही कॉलेज संचालक की बेटी नीतू गंगवार का कातिल कोई और नहीं, बल्कि उसका करीबी बॉय फ्रेंड अशोक गंगवार निकला। कम-पढ़े लिखे अशोक सिर्फ इतनी सी बात से नीतू की जान का दुश्मन बन बैठा, क्योंकि वह सोशल मीडिया पर सक्रिय थी और दूसरों से भी बातचीत किया करती थी। सिरफिरा अशोक घर छोड़ने बहाने से उसे बाइक पर साथ ले गया और सीबीगंज क्षेत्र में गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। शव को जंगल में छोड़कर भागे हत्यारोपी ने घेराबंदी के दौरान पुलिस पर गोली चलाई। जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने के बाद वह पकड़ा गया और पूछताछ में हत्याकांड का राज खोल दिया।

पुलिस के अनुसार, होनहार नीतू गंगवार(23) शीशगढ़ थाना क्षेत्र के गांव मानपुर निवासी कॉलेज संचालक सोमपाल गंगवार की बेटी थी और बहेड़ी के दर्शन सिंह डिग्री कॉलेज में डीएलएड द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। उसकी फरीदपुर के छत्रपति शिवाजी इंटर कालेज में इन दिनों परीक्षाएं चल रही थी। शुक्रवार को नीतू परीक्षा देकर दोपहर में कॉलेज से बाहर निकली थी मगर वह वापस अपने मौसा के घर नहीं लौटी। न ही अपने घर मानपुर पहुंची। परिवार ने उसकी थाना फरीदपुर में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। शनिवार को नीतू का शव बड़ा बाईपास के पास खेत में मिला था। पीएम रिपोर्ट में उसकी गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई थी। 

नीतू के मुंह और नाक से खून निकल रहा था। हाथ व पैरों में खरोच के निशान भी मिले थे। हालात देखते हुए लग रहा था कि उसने कातिल से बचने को बहुत संघर्ष किया। एसएसपी ने हत्याकांड के खुलासे को एसओजी के साथ पुलिस की चार टीमें जुटाई थीं। सर्विलांस जांच के जरिए पुलिस को कातिल के बारे में अहम सुराग हाथ लगे। रविवार रात संयुक्त टीम ने सटीक सूचना पर घेराबंदी की तो आरोपी अशोक गंगवार ने तमंचे से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने के बाद वह पकड़ा गया। पूछताछ में उसने छात्रा की हत्या का जुर्म कबूल लिया।

नीतू की दूसरों से बातचीत पर बनाया खूनी प्लान
जांच में पता चला है कि नीतू को उसका दोस्त अशोक गंगवार बाइक परीक्षा दिलाने फरीदपुर जाता था। सेंटर में अंदर जाते समय नीतू अपना मोबाइल अशोक को दे जाती थी। पासवर्ड भी बता दिया था। पीछे अशोक ने छात्रा का मोबाइल खंगाल डाला और उसमें व्हाट्सएप और कॉल से उसकी दूसरों से बातचीत का पता होने पर वह जानी दुश्मन बन बैठा और छात्रा की हत्या का प्लान डाला। परीक्षा देकर लौटी छात्रा को अशोक बहाने से बाइक पर ले गया और उसकी हत्या कर फरार हो गया था।

कई बार छात्रा के घर जा चुका था अशोक
पुलिस की जांच में पता चला कि अशोक गंगवार नीतू के मुकाबले कम पढ़ा था और सनकी व गुस्सैल स्वभाव का था। कई बार वह छात्रा के घर भी जा चुका था। परिवार के लोग उसे अच्छे से पहचाते थे मगर बेटी लापता होने पर किसी को भी उस पर शक नहीं हुआ। पुलिस ने कॉल डिटेल के अलावा कई पहलुओं पर छानबीन आगे बढ़ाई तो अशोक गंगवार शक के दायरे में आया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, नीतू का शव लगभग 24 घंटे पुराना थी। बरामद होने से पहले ही उसकी हालत खराब होने लगी थी। नीतू की हत्या शुक्रवार की देर शाम ही कर दी गई थी। शुक्रवार को आरोपी ने नीतू से फोन पर बात भी की थी। रविवार रात ट्यूलिया अंडरपास के पास उसकी घेराबंदी की तो उसने भागने की कोशिश की। मुठभेड़ में वह दबोचा गया। होनहार बेटी की हत्या से परिवार में कोहराम मचा है। हर कोई कातिल को फांसी की सजा दिलाए जाने की मांग कर रहा है।

एसएसपी अनुराग आर्या ने बताया कि पुलिस को मिले इनपुट और सर्विलांस के जरिए जांच में आरोपी के बारे में जानकारी हुई। पुलिस टीमों ने घेराबंदी की। मुठभेड़ में घायल होने के बाद उसे दबोच लिया गया। हत्या की सनसनीखेज वारदात का पूछताछ में खुलासा हो गया।

संबंधित समाचार