सैफई : खेत में ड्रोन गिरने से इलाके में हड़कंप, अखिलेश यादव ने की जांच व मुआवजे की मांग
लखनऊ। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इटावा के सैफई क्षेत्र के नंदपुर गांव में गेहूं के खेत में ड्रोन गिरने की घटना पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि इस घटना से इलाके में दहशत और अफरातफरी का माहौल बन गया, ग्रामीणों को आशंका हुई कि कहीं कोई मिसाइल तो नहीं गिर गई।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि यदि यह किसी सरकारी परीक्षण या प्रयोग का हिस्सा था, तो स्थानीय लोगों को पहले से सूचित किया जाना चाहिए था। बिना भरोसे और पर्याप्त तैयारी के आबादी वाले क्षेत्रों के आसपास ऐसे परीक्षण करना गंभीर जोखिम पैदा करता है। उन्होंने आशंका जताई कि यदि ड्रोन खेत के बजाय किसी बस्ती में गिरता, तो जान-माल का बड़ा नुकसान हो सकता था।
अखिलेश यादव ने राज्य सरकार से घटना की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि प्रभावित किसान के नुकसान और मानसिक आघात का आकलन कर उचित मुआवजा दिया जाए। साथ ही भविष्य में ऐसे सभी परीक्षण निर्जन क्षेत्रों में ही कराए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।
उन्होंने भारतीय जनता पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सैफई की जनता सवाल उठा रही है कि जब ड्रोन संचालन ही सही ढंग से नहीं हो पा रहा है, तो वहां की हवाई पट्टी से विमान संचालन कैसे संभव होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक कारणों से सैफई के रनवे को उपेक्षित छोड़ दिया गया है।
