बाराबंकी: सड़क हादसे में बाइक सवार दो महिलाओं की मौत, मासूम गंभीर
फतेहपुर/बाराबंकी, अमृत विचार: शनिवार दोपहर बाद हुए हादसे में ट्रक से कुचलकर भाभी देवरानी की दर्दनाक मौत हो गई, वहीं तीन साल की मासूम बालिका गंभीर रूप से जख्मी हो गई। यह सभी बाइक पर युवक के साथ बीमार मौसी को देखने जा रहे थे। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार जनपद सीतापुर थाना महमूदाबाद क्षेत्र के ग्राम रमद्वारी निवासी इंद्रजीत वर्मा अपनी पत्नी खुशी वर्मा (18), भाभी पिंकी देवी (28) और तीन वर्षीय भतीजी बिट्टू के साथ बाइक से थाना जहांगीराबाद क्षेत्र के ग्राम पिपरौली में रहने वाली बीमार मौसी को देखने जा रहे थे।
फतेहपुर-सिहाली मार्ग पर स्थित ग्राम इसेपुर रेलवे क्रॉसिंग बंद होने के कारण बाइक सवार परिवार रुक गया। क्रॉसिंग खुलते ही इंद्रजीत बाइक आगे बढ़ाने लगा, इसी बीच पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही खुशी और पिंकी देवी सड़क पर गिरीं और दोनों ट्रक के पहियों के नीचे आ गईं, जबकि इंद्रजीत और बालिका दूसरी ओर गिर पड़े।
ट्रक दोनों महिलाओं को कुचलते हुए मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक भाग निकलने में सफल रहा। हादसे में इंद्रजीत बाल बाल बच गया लेकिन घायल बालिका को तत्काल उपचार के लिए सीएचसी ले जाकर भर्ती कराया गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं फरार ट्रक व चालक की तलाश शुरू कर दी है।
परिवार पर टूट पड़ा दुखों का पहाड़
हादसे में जान गवांने वाली खुशी का इंद्रजीत से विवाह हुए अभी एक माह ही बीते थे। इन दोनों ने अभी अपने नए जीवन की शुरुआत ही की थी कि इस दर्दनाक हादसे ने खुशियों का बागीचा उजाड़ कर रख दिया। वहीं इंद्रजीत की भाभी पिंकी देवी की मौत के बाद उनके बच्चों बिट्टू और प्रिंस के सिर से मां का साया उठ गया। मासूम बच्चों को यह भी नहीं पता कि अब उनकी मां कभी वापस नहीं आएगी। हादसे के बाद इंद्रजीत बदहवास हालत में घटनास्थल पर सिर्फ रोता-बिलखता रहा। मौजूद लोग उसे सांत्वना देते रहे।
कार डंपर की टक्कर में एक की दशा गंभीर
रामसनेहीघाट : कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को एक तेज रफ्तार कार और डंपर के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा भिटरिया-हैदरगढ़ मार्ग पर मोहम्मदपुर उपाध्याय गांव के पास हुआ, जिसमें कार सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि एक महिला भी चोटिल हो गई। जानकारी के अनुसार, अयोध्या के दर्शन नगर निवासी मनीष पुत्र महेश कार से हैदरगढ़ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मोहम्मदपुर उपाध्याय गांव के पास सामने से आ रहे डंपर से उनकी कार की भिड़ंत हो गई। भीषण टक्कर से कार के परखच्चे उड़ गए। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पहुंची और घायलों को एंबुलेंस के जरिए सीएचसी भिजवाया। डॉक्टरों ने मनीष की हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
