लखनऊ : सिपाही पत्नी को प्रताड़ित कर पति ने वसूले 11.50 लाख व बाइक, चरित्र पर उठाए सवाल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार : साइबर थाने में तैनात महिला सिपाही ने पति व ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाया है। आरोप है कि पति ने दबाव बनाकर उससे करीब 11.50 लाख रुपये और बाइक ले ली, इसके बाद भी लगातार उत्पीड़न करता रहा। विरोध करने पर मारपीट, गला दबाने और चरित्र पर सवाल उठाकर बदनाम करने का आरोप है। पीड़िता की तहरीर पर चिनहट कोतवाली में पति, सास और ससुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

मैनपुरी निवासी सिपाही प्रियंका वर्तमान में लखनऊ साइबर क्राइम थाने में तैनात हैं और कमता क्षेत्र में रह रही हैं। उनकी शादी अक्टूबर 2020 में फर्रुखाबाद निवासी शिवम कुमार से हुई थी। शादी के कुछ माह बाद ही पति ने बाइक और 10 लाख रुपये की मांग शुरू कर दी। मायके पक्ष ने बाइक दे दी, लेकिन शेष रकम के लिए प्रताड़ना शुरू हो गई।

पीड़िता के अनुसार, 2022 में पति ने दबाव बनाकर उससे करीब 8.5 लाख रुपये का लोन दिलवाया। बाद में 2023 और 2024 में भी उससे डेढ़-डेढ़ लाख रुपये लिए। इतना ही नहीं, शादी में मिली चेन भी बेच दी। इसके बावजूद आरोपी लगातार पैसे की मांग करता रहा।

विरोध करने पर पति ने मारपीट की और गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया। आरोप है कि वह पीड़िता के चरित्र पर आरोप लगाकर बदनाम करता और नौकरी छिनवाने की धमकी देता था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

संबंधित समाचार