कानपुर : हिस्ट्रीशीर ने प्लाट पर निर्माण के बदले मांगी 10 लाख की रंगदारी, मुकदमा दर्ज
कानपुर, अमृत विचार। कानपुर के बर्रा में हिस्ट्रीशीटर व पूर्व पार्षद विष्णु कुमार यादव उर्फ पंगु यादव के खिलाफ 10 लाख की रंगदारी मांगने का एक और मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नर के आदेश पर हुई। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद समेत अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
आरोप है कि आरोपियों ने प्लाट पर निर्माण कराने के लिए रगंदारी मांगी थी और सीमेंट व सरिया आदि सामान भी गायब कर दिया। इससे पूर्व 14 मार्च को रतनलाल नगर निवासी अभिषेक उर्फ राहुल सक्सेना ने हिस्ट्रीशीटर समेत 11 लोगों के खिलाफ रंगदारी मांगने का आरोप लगाकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
गुजैनी के आई ब्लाक निवासी चंद्रपाल पांडेय ने बताया कि उन्होंने बेटे आनंद के नाम पर बर्रा-छह में केडीए से एक प्लाट खरीदा था। केडीए ने 12 मार्च को प्लाट पर कब्जा दिया। इसके बाद उन्होंने बाउंड्री बनवाने और गेट लगवाने का काम शुरू कराया। चंद्रपाल का आरोप है कि प्लाट पर निर्माण शुरू होते ही विष्णु कुमार यादव उर्फ पंगु यादव, शिवा और सुरेश यादव अपने साथियों को लेकर प्लाट पर पहुंचे और निर्माण रुकवा दिया।
गाली-गलौज कर धमकी दी। आरोपियों ने प्लाट पर निर्माण कराने के बदले में 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। जबकि पहले ही एक लाख रुपये ले चुके हैं। रंगदारी न देने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि उनके प्लाट से हटते ही आरोपियों ने वहां पड़ी निर्माण सामग्री 36 बोरी सीमेंट, 240 किलोग्राम सरिया, चार ड्रम और तीन तसला भी उठा ले गए।
इसके बाद उन्होंने पुलिस कमिश्नर से न्याय की गुहार लगाई। बर्रा थाना प्रभारी रवींद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ रंगदारी मांगने, धमकाने और चोरी की धाराओं में मुकदमा किया गया है। जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
