मंत्री जयवीर सिंह ने सपा को बताया ढोंगी पार्टी, कहा- 2027 में भाजपा को फिर चुनेगी जनता

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

मैनपुरी। उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने समाजवादी पार्टी (सपा) को "ढोंगी पार्टी" करार देते हुये आरोप लगाया कि सपा सरकार के कार्यकाल में दलितों पर अत्याचार की घटनाएं सबसे अधिक हुईं। सर्किट हाउस में जनसुनवाई के बाद पत्रकारों से बातचीत में मंत्री ने कहा कि सपा अब डॉ. भीमराव आंबेडकर के अनुयायी बनने का दिखावा कर रही है, जबकि पहले उनके खिलाफ बयानबाजी करती रही है। 

उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वे "पीडीए" की परिभाषा बार-बार बदल रहे हैं और उन्हें स्वयं इसका अर्थ स्पष्ट नहीं है। मंत्री ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता सपा को नकारते हुए फिर भाजपा की सरकार बनाएगी।

जयवीर सिंह ने कहा कि योगी सरकार में प्रदेश विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। 'वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट' जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार समय पर परियोजनाओं को पूरा कर रही है, जबकि पूर्ववर्ती सरकारों में योजनाएं वर्षों तक अधूरी रहती थीं। उन्होंने कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर कहा कि पहले प्रदेश में अराजकता का माहौल था, लेकिन अब माफियाओं पर नियंत्रण हुआ है और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की गई है। 

मंत्री ने ईवीएम को लेकर विपक्ष के आरोपों पर भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हारने वाले दल अपनी विफलता छिपाने के लिए ईवीएम पर सवाल उठाते हैं, जबकि चुनाव आयोग जैसी संस्थाएं निष्पक्ष रूप से काम कर रही हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देने की बात दोहराते हुए कहा कि कमजोर वर्गों की जमीन पर कब्जा किसी भी स्थिति में न होने दिया जाए और जन शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।  

संबंधित समाचार