मऊ जिला अस्पताल में बढ़ेंगी आधुनिक चिकित्सा सेवाएं, गंभीर मरीजों को मिलेगा लाभ
लखनऊ, अमृत विचार : मऊ जिला अस्पताल में अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। इसके लिए ओटी व आईसीयू यूनिट में अत्याधुनिक चिकित्सकीय उपकरण स्थापित किए जाएंगे। जिसके बाद जनसामान्य को गुणवत्तायुक्त चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध होंगी, उन्हें हर समस्या पर बड़े शहर के अस्पतालों में दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी।
एनटीपीसी के आर्थिक सहयोग से लगभग 62.10 लाख रुपये की लागत से अस्पताल में नई मशीनें स्थापित की जाएंगी। इनमें इको मशीन, सी-आर्म, लेप्रोस्कोपी और वेंटिलेटर जैसी जरूरी चिकित्सा सुविधाएं शामिल हैं। इन नई सुविधाओं के शुरू होने से मरीजों को अब जटिल ऑपरेशन और गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए बड़े शहरों की ओर नहीं जाना पड़ेगा।
नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने कहा कि मऊ के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह पहल न केवल स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार करेगी, बल्कि मरीजों के जीवन स्तर में भी सकारात्मक बदलाव लाने में सहायक सिद्ध होगी।
ये भी पढ़ें :
दिल्ली और यूपी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई: ISIS के आतंकी को दबोचा, कुशीनगर से तैयार कर रहा था नेटवर्क
