Bareilly News: बकरीद पर शहर में नहीं घुस सकेंगे भारी वाहन, हुड़दंग करने वालों पर रहेगी नजर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। ईद-उल-अजहा (बकरीद) का त्योहार गुरुवार 28 मई को मनाया जाएगा। त्योहार को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन ने भी कमर कस ली है। बकरीद के दिन ट्रैफिक एडवाइजरी एसपी ट्रैफिक की तरफ से जारी की गई। जिसके मुताबिक गुरुवार को सुबह पांच बजे से देर रात तक शहर में भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

हुड़दंग किया तो होगी कार्रवाई
ईद के मौके पर सड़क पर हुड़दंग करने वालों को लेकर भी गाइड लाइन जारी की गई है। गाइड लाइन में कहा गया कि दो पहिया वाहनों पर तीन सवारियां बैठकर नहीं चलें, दोपहिया या चार पहिया वाहनों के साथ स्टंटबाजी न करें, रैश ड्राइविंग से बचें, साथ ही वाहनों में प्रेशर हॉर्न का प्रयोग कतई न करें। एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खान ने बताया कि नियमों की अनदेखी करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

ये है ट्रैफिक पुलिस का डायवर्जन प्लान

01-दिल्ली, रामपुर, नैनीताल व पीलीभीत की तरफ से आने वाले भारी वाहन जिनको बरेली आना है, झुमका तिराहा बड़े बाईपास विलवा, विलयधाम, नवदिया, इन्वर्टिस तिराहा से ट्रांसपोर्ट नगर आ सकेंगे।

02-दिल्ली, रामपुर, नैनीताल व पीलीभीत की ओर से बदायूं जाने वाले भारी वाहन बड़े बाईपास से विलयधाम, इन्वर्टिस से नो एंट्री समय के अतिरिक्त सुबह 7 बजे से पहले कैंट व बुखारा होकर जा सकेंगे।

03-बदायूं की तरफ आने वाले भारी वाहन नो-एंट्री के समय सुबह 7 बजे से पहले रामगंगा, बुखारा, कैंट होकर बरेली आ सकेंगे।

04-दिल्ली रामपुर की तरफ से आने वाली रोडवेज बसें झुमका तिराहे से मिनीबाईपास, इज्जतनगर तिराहा, डेलापीर, 100 फुटा पूर्वी होते हुए सैटेलाइट बस स्टैंड तक आयेंगी व इसी रास्ते से वापस जायेंगी।

05-नमाज के दौरान सभी प्रकार के भारी वाहन व रोडवेज बसें चौकी चौराहा व मिनी बाईपास से दूल्हा मियां मजार की तरफ प्रतिबंधित रहेंगी।

 

संबंधित समाचार