फर्रुखाबाद में भीषण अग्निकांड : ढाई वर्षीय बालिका की जिंदा जलकर मौत, बचाने के प्रयास में दादी झुलसी
फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश में फर्रुखाबाद जिले के कपिल थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर हुए भीषण अग्निकांड में ढाई वर्षीय मासूम बालिका की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि उसे बचाने का प्रयास कर रही उसकी दादी गंभीर रूप से झुलस गईं। हादसे में झोपड़ी में रखा लाखों रुपये का सामान भी जलकर राख हो गया। पुलिस एवं फायर ब्रिगेड सूत्रों के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम कमरुद्दीन नगर निवासी उर्वेश कुमार अपने परिवार के साथ झोपड़ी में रह रहे थे।
मंगलवार दोपहर भीषण गर्मी के बीच उर्वेश कुमार, उनकी पत्नी सरिता, दो बेटियां रुद्रप्रभा और कुसुम प्रिया, पिता जदुबीर तथा माता जदुरानी झोपड़ी के अंदर आराम कर रहे थे। इस दौरान करीब 12:30 बजे झोपड़ी के पीछे की ओर से अचानक आग लग गई। तेज गर्म हवाओं और भीषण गर्मी के कारण आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया। जब तक परिवार के लोग कुछ समझ पाते, तब तक पूरी झोपड़ी आग की चपेट में आ चुकी थी।
हादसे के दौरान परिवार की ढाई वर्षीय बालिका कुसुम प्रिया आग में फंस गई और उसकी जिंदा जलकर मौके पर ही मौत हो गई। बच्ची को बचाने के प्रयास में उसकी दादी जदुरानी गंभीर रूप से झुलस गईं। उन्हें तत्काल समीपवर्ती सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना के दौरान परिवार के अन्य सदस्य किसी तरह बाहर निकल आए और शोर मचाया। ग्रामीणों ने एकजुट होकर आग बुझाने का प्रयास किया।
सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की दमकल गांव पहुंची, लेकिन मकान तक जाने का रास्ता संकरा होने के कारण दमकल वाहन घटनास्थल तक नहीं पहुंच सका। अग्निकांड में झोपड़ी के अंदर रखा कपड़ा, अनाज, गेहूं, आटा, चारपाई, नगदी समेत लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही राजस्व टीम, थानाध्यक्ष नितिन कुमार तथा राजेश कुमार द्विवेदी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई शुरू की। उप जिलाधिकारी अतुल कुमार ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच कराई जा रही है। यदि घटना दैवीय आपदा की श्रेणी में पाई जाती है तो पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
