Stock Market Closed : प्रमुख सूचकांकों में गिरावट के चलते इन कंपनियों के शेयर टूटे, जानिए सेंसेक्स और निफ्टी का हाल
मुंबई। अमेरिका और ईरान के बीच सैन्य तनाव बढ़ने से मंगलवार को घरेलू शेयर बाजारों में प्रमुख सूचकांकों में गिरावट देखी गयी और बैंकिंग तथा वित्तीय कंपनियों के शेयरों में बिकवाली हावी रही। बीएसई का सेंसेक्स 479.26 अंक (0.63 प्रतिशत) टूटकर 76,009.70 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी-50 सूचकांक भी 118 अंक यानी 0.49 प्रतिशत नीचे 23,913.70 अंक पर आ गया। सुबह गिरावट में खुलने के बाद कुछ देर के लिए दोनों प्रमुख सूचकांक हरे निशान में गये थे, लेकिन दोपहर बाद बिकवाली होने से फिर लाल निशान में चले गये। अमेरिका ने सोमवार रात ईरान पर फिर हमले किये हैं।
इससे बाजार में निवेश धारणा कमजोर हुई है। रुपये में 50 पैसे से ज्यादा की गिरावट ने भी बाजार पर दबाव बनाया। भारतीय मुद्रा फिलहाल 51 पैसे टूटकर 95.77 रुपये प्रति डॉलर पर है। वृहत बाजार में मझौली और छोटी कंपनियों के सूचकांकों में बढ़त बरकरार रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.51 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.35 प्रतिशत ऊपर बंद हुआ।
बैंकिंग, वित्त, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद और रियलटी सेक्टरों में गिरावट रही जबकि धातु और रसायन सेक्टरों के सूचकांकों में तेजी रही। सेंसेक्स की कंपनियों में भारती एयरटेल का शेयर डेढ़ फीसदी गिर गया। ट्रेंट, टीसीएस, बजाज फाइनेंस, टाइटन, एचडीएफसी बैंक और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर एक प्रतिशत से ज्यादा टूटे।
आईसीआईसीआई बैंक, एक्सिस बैंक, पावर ग्रिड, रिलायंस इंडस्ट्रीज, अल्ट्राटेक सीमेंट, आईटीसी, कोटक महिंद्रा बैंक, एशियन पेंट्स, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, बीईएल और इंडिगो के शेयर भी लाल निशान में रहे। टेक महिंद्रा का शेयर डेढ़ प्रतिशत से ऊपर चढ़ा। इटरनल, मारुति सुजुकी, हिंदुस्तान यूनीलिवर और अडानी पोर्ट्स के शेयर भी बढ़त में रहे।
ये भी पढ़ें :
Stock Market Closed : अमेरिका-ईरान शांति वार्ता से शेयर बाजार में तेजी, 1074 अंक उछला सेंसेक्स, हरे निशान में बंद हुआ निफ्टी
