डबल इंजन की सरकार में विकास कार्यों को मिली रफ्तार: दीपक पटेल
प्रयागराजः उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले की फूलपुर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक दीपक पटेल ने कहा है कि डबल इंजन सरकार के सहयोग से क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिली है और बुनियादी सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। पटेल ने यूनीवार्ता से विशेष बातचीत में कहा कि सलोरी से हेता पट्टी के बीच गंगा पर करीब 1300 करोड़ रुपये की लागत से पुल निर्माण को मंजूरी मिल चुकी है। यह क्षेत्र की जनता की लगभग 40 वर्षों पुरानी मांग थी, जिसके पूरा होने से फूलपुर के साथ गंगा पार बनारस तक के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि बनारस रोड को जोड़ने के लिए अब तक केवल एक पुराना पुल था, जो 40 वर्ष से अधिक पुराना है।
विधायक ने कहा कि उपचुनाव के माध्यम से विधायक बनने के बाद अल्प समय में ही कई विकास कार्य कराए गए हैं। उन्होंने बताया कि महाकुंभ के ऐतिहासिक आयोजन के दौरान भी उनकी विधानसभा क्षेत्र में व्यापक विकास कार्य हुए। प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में तेजी से विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रयागराज में आजादी से पहले गंगा और यमुना पर केवल तीन पुल थे, जबकि अब छह नए पुलों का निर्माण हो रहा है। उनकी विधानसभा में सड़कों का चौड़ीकरण हुआ है और बिजली आपूर्ति में सुधार आया है। पूर्ववर्ती सरकारों में जहां 8-9 घंटे बिजली मिलती थी, वहीं अब औसतन 20 से 22 घंटे बिजली उपलब्ध हो रही है। अपने विजन पर चर्चा करते हुए पटेल ने कहा कि उनका प्रयास जनता के बीच लगातार बने रहने और उनकी समस्याओं को समझकर समाधान करने का है।
उन्होंने कहा कि समस्याएं व्यापक हैं, लेकिन मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में उन्हें प्राथमिकता के आधार पर हल किया जा रहा है। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के संदर्भ में उन्होंने कहा कि वह वर्तमान में सिटिंग विधायक हैं, इसलिए स्वाभाविक रूप से उनकी दावेदारी है, हालांकि अंतिम निर्णय पार्टी नेतृत्व द्वारा लिया जाएगा। विपक्षी दलों की सक्रियता पर उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की क्षेत्र में कोई विशेष सक्रियता दिखाई नहीं देती और पिछले तीन चुनावों में उसे हार का सामना करना पड़ा है। उन्होंने दावा किया कि 2027 में भी उनकी स्थिति मजबूत नहीं दिख रही है। फूलपुर क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं के संबंध में उन्होंने कहा कि बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत आवश्यकताएं पूरे प्रदेश की चुनौतियां रही हैं, जिनमें पिछले वर्षों में काफी सुधार हुआ है। शेष समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि जनता दोबारा अवसर देती है तो अधूरे कार्यों को पूरा करना उनकी प्राथमिकता होगी।
