बाराबंकी : संग्राम सिंह वर्मा का पैतृक गांव में हुआ अंतिम संस्कार, नम आंखों से लोगों ने दी अंतिम विदाई

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बाराबंकी, अमृत विचार। मंगलवार को पूर्व मंत्री स्वर्गीय संग्राम सिंह वर्मा का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव जरमापुर में पंचतत्व में विलीन हो गया। इससे पहले शहर स्थित घर पर श्रद्धांजलि जताने भीड़ उमड़ी। वहीं गांव में हजारों लोगों की मौजूदगी में नाती ने मुखाग्नि दी। सोमवार को निजी अस्पताल में निधन के बाद स्वर्गीय संग्राम सिंह का पार्थिव शरीर शहर के लक्ष्मणपुरी कालोनी स्थित घर पर दर्शन को रखा गया।

मंगलवार सुबह करीब 11 बजे मृत शरीर हरख ब्लाक के ग्राम जरमापुर उनके पैतृक गांव ले जाया गया। यहां पर उन्हे श्रद्धांजलि देने वालों का तांता उमड़ पड़ा। आलम यह रहा कि मुख्य मार्ग से गांव तक जाम की स्थिति बनी रही। भारी वाहनों को हरख से जैदपुर मार्ग पर भेजना पड़ा। उधर गांव में सड़क किनारे बने पुराने मंदिर के पास ही अंतिम संस्कार हुआ। जहां पर स्वर्गीय संग्राम सिंह के नाती अरनव ने मुखाग्नि दी। इस दौरान उनके अनुज सुरेन्द्र वर्मा भी मौजूद रहे। इसके बाद वहां मौजूद सभी ने कद्​दावर नेता को अंतिम विदाई दी।

6

यहां पर प्रमुख रूप से खाद्य एवं रसद राज्य मंत्री सतीश चंद्र शर्मा, पूर्व मंत्री राकेश वर्मा, सपा नेता अरविंद सिंह गोप, पूर्व सांसद पीएल पुनिया, पूर्व एमएलसी राजेश यादव, सपा विधायक धर्मराज यादव, भाजपा विधायक दिनेश रावत, एससी-एसटी आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत, पूर्व विधायक रामगोपाल रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत, एमएलसी व भाजपा जिला प्रभारी अवनीश सिंह पटेल, भाजपा नेता राकेश वर्मा कर्रा, भाजपा जिला अध्यक्ष राम सिंह वर्मा भुल्लन, भाजपा नेता विवेक वर्मा, पूर्व सांसद उपेंद्र सिंह रावत आदि जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

3

महाविद्यालय में शोक सभा आयोजित

मुंशी रघुनंदन प्रसाद सरदार पटेल महिला महाविद्यालय के प्रबंध समिति अध्यक्ष संग्राम सिंह वर्मा के निधन पर मंगलवार को महाविद्यालय परिसर में शोक सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान शिक्षक-शिक्षिकाओं व छात्राओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। प्रबंध समिति के सचिव उमाशंकर वर्मा ‘मुन्नू भैया’ ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि संग्राम सिंह वर्मा एक जनप्रिय व अनुभवी नेता थे, जिनके निधन से जिले ने एक मजबूत स्तंभ खो दिया है।

उन्होंने बताया कि वर्मा ने दो बार राज्य मंत्री के रूप में कार्य करते हुए समाज के विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान दिया, जिसे सदैव याद रखा जाएगा। शोक सभा में उपाध्यक्ष डॉ. एसके वर्मा, संस्थान अध्यक्ष धीरेंद्र कुमार वर्मा, कोषाध्यक्ष अमर सिंह वर्मा, प्राचार्य डॉ. उषा चौधरी सहित महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी व छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। सभी ने नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

संबंधित समाचार