UP: सिकंदराबाद-भादुरा मार्ग पर रफ्तार का कहर...डिलीवरी बॉय की मौत, दो घायल
बेहजम, अमृत विचार। नीमगांव थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। सिकंदराबाद-भादुरा मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रक ने दो बाइकों को टक्कर मार दी, जिसमें एक डिलीवरी ब्वाय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजते हुए शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक की रफ्तार काफी तेज थी और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। सामने से आ रही बाइक को उसने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और सवार युवक दूर जा गिरे। हादसे में डिलीवरी ब्वाय मुकेश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। उनके साथ बाइक पर सवार चचेरा भाई आदेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं दूसरी बाइक सवार रोशननगर निवासी अरमान भी इस हादसे की चपेट में आ गए और उन्हें भी गंभीर चोटें आईं। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। नीमगांव पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेहजम भिजवाया। वहां डॉक्टरों ने मुकेश को मृत घोषित कर दिया, जबकि आदेश की हालत गंभीर होने के चलते उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अरमान को परिजन निजी वाहन से निजी अस्पताल ले गए, जहां उनका इलाज जारी है।
शादी से पहले बुझ गया घर का चिराग
मृतक मुकेश कुमार की कुछ समय पहले ही सगाई यंगपुर निवासी निरंजन लाल की पुत्री राजनंदनी से हुई थी। परिवार में मई माह में शादी की तैयारियां चल रही थीं। घर में खुशियों का माहौल था, लेकिन इस हादसे ने सब कुछ खत्म कर दिया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। घटना के बाद मृतक के भाई अमित कुमार ने पुलिस पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि मुकेश की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी, लेकिन पुलिस ने करीब तीन घंटे तक पंचनामा नहीं भरा और शव को अस्पताल भेज दिया। इससे परिजनों में नाराजगी है।
इलाके में बढ़ते हादसों से दहशत
स्थानीय लोगों का कहना है कि सिकंदराबाद-भादुरा मार्ग पर आए दिन तेज रफ्तार वाहनों के कारण हादसे होते रहते हैं। बावजूद इसके प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। लोगों ने सड़क पर स्पीड ब्रेकर और नियमित चेकिंग की मांग की है। थानाध्यक्ष प्रवीर कुमार गौतम ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया। डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित किया है। ट्रक चालक की तलाश की जा रही है और मामले की जांच की जा रही है।
