कानपुर मेट्रो कॉरिडोर-1 के डाउनलाइन टनल में ट्रैक निर्माण पूरा, नौबस्ता तक संचालन का मार्ग प्रशस्त
कानपुर। कानपुर मेट्रो रेल परियोजना के कॉरिडोर-1 (आईआईटी-नौबस्ता) के अंतर्गत कानपुर सेंट्रल से स्वदेशी कॉटन मिल रैम्प के बीच डाउनलाइन टनल में ट्रैक निर्माण कार्य पूरा हो गया है। इसके साथ ही कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक अप-लाइन और डाउनलाइन दोनों ट्रैक पूरी तरह तैयार हो गए हैं, जिससे नौबस्ता तक मेट्रो संचालन का मार्ग प्रशस्त हो गया है।
मेट्रो अधिकारियों ने मंगलवार को जारी विज्ञप्ति में बताया कि कॉरिडोर-1 के शेष लगभग 8 किलोमीटर सेक्शन (कानपुर सेंट्रल-नौबस्ता) में कुल सात स्टेशन शामिल हैं। इनमें करीब 3 किलोमीटर हिस्सा अंडरग्राउंड (कानपुर सेंट्रल से स्वदेशी कॉटन मिल रैम्प) तथा लगभग 5.30 किलोमीटर हिस्सा एलिवेटेड (बारादेवी से नौबस्ता) है। एलिवेटेड सेक्शन में ट्रैक निर्माण कार्य अक्टूबर 2025 में ही पूरा कर लिया गया था।
इसके बाद अंडरग्राउंड सेक्शन के अप-लाइन टनल में ट्रैक निर्माण पूर्ण किया गया और अब डाउनलाइन टनल में भी यह कार्य संपन्न हो गया है। ट्रैक निर्माण के तहत रेल पटरियों की वेल्डिंग, ट्रैक स्लैब ढलाई तथा थर्ड रेल इंस्टॉलेशन का कार्य किया गया, जो अंतिम चरण में है।
उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (यूपीएमआरसी) के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने इसे महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि कॉरिडोर-1 का ट्रैक अब पूरी तरह तैयार हो चुका है। अप-लाइन पर टेस्ट रन पहले ही शुरू किया जा चुका है और शीघ्र ही डाउनलाइन पर भी परीक्षण संचालन शुरू किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सिग्नलिंग, टेलीकॉम और इलेक्ट्रिकल सिस्टम्स के इंस्टॉलेशन कार्य अंतिम चरण में हैं। सभी कार्य पूर्ण होते ही कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक मेट्रो सेवा शुरू करने की दिशा में तेजी लाई जाएगी। उल्लेखनीय है कि लगभग 24 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर-1 में वर्तमान में आईआईटी से कानपुर सेंट्रल तक करीब 16 किलोमीटर हिस्से पर मेट्रो सेवाएं संचालित हो रही हैं, जबकि शेष सेक्शन पर कार्य तेजी से जारी है।
