रायबरेली पुलिस की बड़ी कार्रवाई : हत्या व लूटपाट करने वाले गिरोह के 6 आरोपी गिरफ्तार, मुठभेड़ में दो घायल
रायबरेली। उत्तर प्रदेश के रायबरेली में पुलिस ने हत्या व लूटपाट की घटनाओं में शामिल एक सक्रिय गिरोह के छह सदस्यों को अलग-अलग स्थानों पर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में बुधवार तड़के करीब चार बजे की गई, जिसमें दो आरोपियों के पैर में गोली लगने की भी सूचना है। पुलिस के अनुसार डीह थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान संदिग्ध वाहनों को रोकने का प्रयास किया गया, जिस पर आरोपी भाग निकले। सूचना तत्काल कंट्रोल रूम के माध्यम से सभी थानों व आसपास के जिलों में प्रसारित कर नाकाबंदी कराई गई। अपर पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा ने आज बुधवार को बताया कि नसीराबाद इलाके में अर्बन मोटरसाइकिल सवार दो आरोपियों को रोका गया, जिन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी सूरज के पैर में गोली लगी और दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं बछरांवा इलाके में इको कार सवार चार आरोपियों-मार्को उर्फ अभिनंदन, मनीष, पिंटू व अनिकेत-को घेराबंदी कर दबोच लिया गया, जिनमें से मार्को के पैर में भी गोली लगी जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपी हत्या व लूटपाट की घटनाओं में सक्रिय गिरोह के सदस्य हैं। नसीराबाद में पकड़े गए सूरज ने पूछताछ में कई वारदातों में संलिप्तता स्वीकार की है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है, जबकि अन्य आरोपियों से पूछताछ कर वह इस गिरोह की जानकारी लेकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
