Bareilly: खलीलपुर में 300 मकानों की दोबारा पैमाइश, रामपुर रोड पर हटेगा अतिक्रमण

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली/सीबीगंज। नगर निगम की टीम ने सीबीगंज के खलीलपुर रोड पर स्थित 300 मकानों की दोबारा जांच और नापजोख शुरू कर इलाके में हड़कंप मचा दिया है। इन मकानों पर पूर्व में सरकारी जमीन की पैमाइश कर लाल निशान लगाए गए थे और नोटिस भी जारी हुए थे, लेकिन अतिक्रमण न हटने के कारण निगम की टीम मंगलवार को फिर फीता और सरकारी दस्तावेज लेकर मौके पर पहुंची। 

टीम ने एक-एक कर मकानों के कागजातों की बारीकी से जांच की और फिर से नापजोख की प्रक्रिया पूरी की। इस सघन जांच के बाद तैयार की जा रही विस्तृत रिपोर्ट जल्द ही नगर आयुक्त को सौंपी जाएगी, जिसके आधार पर इन 300 निर्माणों के भविष्य पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

वहीं, रामपुर रोड के चौड़ीकरण में बाधा बन रहे अवैध कब्जों को हटाने के लिए निगम ने सात दिन का अल्टीमेटम जारी कर दिया है। संपत्ति अधिकारी आयुष गुप्ता ने गाटा संख्या 128 पर सरकारी जमीन दबाए बैठे अमित, सौरभ और गौरव गुप्ता को अंतिम नोटिस थमाया है। राजस्व भूचित्र के अनुसार, 55 मीटर चौड़ी सरकारी रोड पर कहीं टीन शेड तो कहीं लोहे का जीना बनाकर अवैध कब्जा किया गया है। 

बताया जाता है कि पूर्व में नोटिस के बावजूद केवल अस्थायी हिस्से हटाकर औपचारिकता पूरी की गई थी, लेकिन अब तीन मीटर से अधिक के पक्के अतिक्रमण को सात दिन के भीतर स्वयं हटाने के निर्देश दिए गए हैं। इधर, कार्रवाई के दायरे में सीबीगंज इंटर कॉलेज समेत अन्य बड़े अतिक्रमणकारी भी शामिल हैं, जिन्हें स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि निर्धारित समय में कब्जा नहीं हटा, तो निगम की टीम ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू करेगी। 

निगम प्रशासन के स्पष्ट कर दिया है कि रामपुर रोड को चौड़ा करने के मार्ग में अब किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खलीलपुर से लेकर रामपुर रोड तक मची इस प्रशासनिक हलचल से अवैध कब्जाधारकों में डर का माहौल है और सभी की नजरें अब नगर आयुक्त को मिलने वाली रिपोर्ट और सात दिन की समयसीमा पर टिकी हैं।

 

संबंधित समाचार