सीएम योगी ने कृषि मंत्री और शीर्ष अधिकारियों के साथ की समीक्षा, कहा-फार्मर रजिस्ट्री बनेगी योजनाओं का आधार
लखनऊ, अमृत विचार: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से दिलाने के लिए फार्मर रजिस्ट्री को आधार बनाया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रजिस्ट्री प्रक्रिया को अभियान मोड में तेजी से पूरा किया जाए और इसे सभी कृषि योजनाओं से जोड़ा जाए।
सोमवार को समीक्षा बैठक में सीएम ने कहा कि पंजीकृत किसानों को गेहूं खरीद, दलहन-तिलहन खरीद, बीज, उर्वरक, कृषि यंत्र और अन्य योजनाओं का लाभ प्राथमिकता से दिया जाएगा। इसके लिए हर जिले में विशेष अभियान चलाकर अधिकतम किसानों को जोड़ा जाए।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर कैंप आयोजित कर किसानों की समस्याओं का मौके पर समाधान किया जाए। इस कार्य में राजस्व, कृषि और अन्य संबंधित विभागों के बीच समन्वय सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि छोटे और बड़े सभी किसानों को रजिस्ट्री से जोड़ना जरूरी है, ताकि कोई भी पात्र किसान योजनाओं से वंचित न रहे। इसके लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही, मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश एसपी गोयल, मुख्य ज्ञान अधिकारी, भारत सरकार राजीव चावला, प्रमुख सचिव कृषि रविन्द्र, प्रमुख सचिव राजस्व अपर्णा यू तथा निदेशक कृषि डॉ. पंकज त्रिपाठी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
हर योजना से जुड़ेगी फार्मर रजिस्ट्री
सीएम योगी ने स्पष्ट किया कि फार्मर रजिस्ट्री को सभी कृषि योजनाओं का आधार बनाया जाएगा। इससे किसानों को लाभ देने की प्रक्रिया सरल और पारदर्शी होगी तथा पात्रता की जांच भी आसान हो सकेगी।
गांव-गांव अभियान, मौके पर समाधान
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि ग्राम पंचायतों में कैंप लगाकर किसानों का पंजीकरण कराया जाए। साथ ही नाम, दस्तावेज या अन्य त्रुटियों का तुरंत निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि प्रक्रिया में देरी न हो।
