यूपी में नौतपा का टॉर्चर: 54 जिलों में हीट वेव, मौसम विभाग ने जारी किया 10 जिलों में रेड अलर्ट

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

-पश्चिमी यूपी के 24 जिलों में आंधी व हल्की बारिश से राहत के आसार -10 जिलों में रेड अलर्ट, 23 में ऑरेंज और 21 जिलों में येलो अलर्ट जारी

लखनऊ, अमृत विचार: उत्तर प्रदेश भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। रविवार को प्रदेश के अधिकांश जिलों में तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया। 50 से अधिक शहरों में लू चली और दोपहर के समय सड़कें लगभग सूनी नजर आईं। सोमवार को प्रदेश के 54 जिलों में हीट वेव का अलर्ट जारी किया है। इनमें 10 जिलों के लिए रेड अलर्ट घोषित किया गया है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 24 जिलों में आंधी, गरज-चमक और हल्की बारिश के आसार भी बने हुए हैं।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि सोमवार से शुरू हो रहे नौ दिन नौतपा के दौरान गर्मी के तेवर और तीखे हो सकते हैं। रविवार को बांदा प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 46.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भीषण गर्मी का असर जनजीवन और वन्यजीवों पर भी दिख रहा है। मुरादाबाद में ड्यूटी के दौरान एक पीआरडी जवान की तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। 

प्राथमिक तौर पर इसे हीट स्ट्रोक का मामला माना जा रहा है। वहीं बिजनौर के अमानगढ़ टाइगर रिजर्व और दुधवा नेशनल पार्क में जानवर गर्मी से बचने के लिए तालाबों के आसपास दिखाई दिए। मुजफ्फरनगर में एक चलती कार में आग लग गई। गाजियाबाद में हल्की बारिश हुई। मथुरा, अयोध्या, बाराबंकी और गोंडा में आंधी चली।

मौसम विभाग ने बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी और संत रविदास नगर में रेड अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में तेज लू और अत्यधिक तापमान की चेतावनी दी गई है। वहीं 23 जिलों सोनभद्र, जौनपुर, गाजीपुर, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, सुलतानपुर, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर एवं आसपास ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 21 जिलों आजमगढ़, मऊ, बलिया, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, लखनऊ, बाराबंकी, अयोध्या, अंबेडकर नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, कासगंज एवं आसपास के क्षेत्र में येलो अलर्ट रहेगा।

मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अगले तीन दिनों तक हीट वेव का प्रभाव बना रहेगा। पंजाब से दक्षिणी पश्चिमी राजस्थान तक सक्रिय विक्षोभ का असर पश्चिमी यूपी में दिखाई देगा, जिससे कहीं-कहीं तेज हवाएं, गरज-चमक और हल्की बारिश हो सकती है।

पश्चिमी यूपी में आंधी-बारिश के आसार

24 जिलों सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, संभल एवं आसपास में आंधी और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

हीट वेव को लेकर सीएम योगी ने दिए सख्त निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को सभी जिलाधिकारियों, स्वास्थ्य विभाग, बिजली विभाग और राहत एजेंसियों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अस्पतालों में हीट स्ट्रोक मरीजों के इलाज की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है। मुख्यमंत्री ने लोगों से दोपहर में अनावश्यक बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की अपील की है।

ये भी पढ़ें  : 
अलीगढ़ बनेगा पश्चिमी यूपी का नया स्पोर्ट्स हब, सीएम योगी करेगें लोकार्पण 

 

 

संबंधित समाचार