कड़ी सुरक्षा के बीच शाही वेलकम, गुलाबी शहर में तिलक लगाकर मार्को रूबियो का पारम्परिक स्वागत
जयपुर। अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो सोमवार को अपनी पत्नी जेनेट रूबियो के साथ जयपुर के ऐतिहासिक आमेर किला पहुंचे। सुरक्षाकर्मियों से घिरे रूबियो दंपति का किले में पारंपरिक राजस्थानी अंदाज में स्वागत किया गया। उन्होंने कच्ची घोड़ी और घूमर सहित लोक नृत्यों पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी देखीं। पीले और गुलाबी बलुआ पत्थरों से निर्मित यह किला मुख्य शहर से लगभग 11 किलोमीटर दूर एक छोटी पहाड़ी पर स्थित है।
राजा मान सिंह ने 16वीं शताब्दी में इसका निर्माण कराया था। रूबियो की यात्रा को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। वह शनिवार को चार दिवसीय भारत दौरे पर पहुंचे थे। इससे पहले सोमवार को रूबियो ने अपनी पत्नी के साथ आगरा में ताज महल का दौरा किया था। रूबियो मंगलवार सुबह दिल्ली लौटेंगे, जहां वह क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेंगे।
