नोएडा : टेंट के सामान में लगी भीषण आग, दमकल की गाड़ियों ने पाया काबू 

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

नोएडाः उत्तर प्रदेश के सेंट्रल नोएडा फेस-तृतीय के सेक्टर 70 स्थित प्लॉट संख्या बीएच 11 में मंगलवार को टेंट के सामान में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

अग्निशमन अधिकारी ने घटना की जानकारी दी, उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। आग पर काबू पाने के लिए दमकल की छह गाड़ियों को लगाया गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत और सूझबूझ के साथ आग को फैलने से रोका और कुछ ही समय में उस पर पूरी तरह काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

हालांकि टेंट के सामान में आग लगने से काफी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल सका है। हालांकि शॉर्ट सर्किट या मानवीय लापरवाही को संभावित वजह माना जा रहा है।

पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मामले की गहन जांच कर रही है, ताकि वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। घटना के बाद कुछ समय के लिए क्षेत्र में दहशत का माहौल बना रहा लेकिन समय रहते आग पर काबू पा लेने से एक बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों ने दमकल और पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।

संबंधित समाचार