यूपी में मानव संपदा पोर्टल से होंगे मृतक आश्रितों के आवेदन, बढ़ेगी पारदर्शिता; नई व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार: प्रदेश सरकार ने मृतक आश्रितों को नौकरी देने की प्रक्रिया में बड़ा बदलाव करते हुए ऑफलाइन आवेदन व्यवस्था पूरी तरह समाप्त कर दी है। अब आवेदन से लेकर नियुक्ति तक की पूरी प्रक्रिया मानव संपदा पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन ही संपन्न होगी। इस संबंध में शासनादेश जारी कर नई व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।

अब तक विभिन्न विभागों में मृतक आश्रितों से ऑफलाइन आवेदन लिए जाते थे, जिससे प्रक्रिया लंबी और जटिल हो जाती थी। नई व्यवस्था के तहत जैसे ही आवेदक पोर्टल पर आवेदन करेगा, संबंधित अधिकारी को तुरंत जानकारी मिल जाएगी, जिससे निस्तारण में तेजी आएगी। सरकार का मानना है कि इस डिजिटल व्यवस्था से पारदर्शिता बढ़ेगी और धांधली व शोषण की संभावनाएं खत्म होंगी। 

पोर्टल पर केवल वही व्यक्ति आवेदन कर सकेगा, जिसका नाम मृतक कर्मचारी के सर्विस रिकॉर्ड में दर्ज होगा। साथ ही परिवार के अन्य सदस्यों को भी ऑनलाइन आपत्ति दर्ज कराने का विकल्प मिलेगा। नई प्रणाली में आवेदक अपने आवेदन की स्थिति ऑनलाइन ट्रैक कर सकेगा और उसे एसएमएस व ईमेल के जरिए अपडेट भी मिलता रहेगा। नियुक्ति पत्र भी ऑनलाइन जारी किए जाने की व्यवस्था की गई है। इससे पूरी प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, समयबद्ध और जवाबदेह बनने की उम्मीद है।

 

ये भी पढ़ें :
किसानों को बड़ी राहत देगी योगी सरकार : लखनऊ में गेहूं के लिए 43 केंद्रों पर खरीद, डीएम ने किया निरीक्षण

संबंधित समाचार