Bareilly: गुनाहों की राह में बेटे का साथ निभाता रहा नंबरी नत्थू

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। बड़ा बाईपास पर कार हादसे में मारा गए किडनैपर मनमोहन की तरह उसका पिता भी बेहद खतरनाक और क्रूर मानसिकता रखता है। पुत्र गुनाहों पर चल रहा था तो नंबरी नत्थू सिंह भी कम नहीं था। बाप-बेटे पहले थाना फरीदपुर क्षेत्र में ढाकन मौर्या की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या के मामले में साथ जेल गए थे।

जेल से छूटने के बाद गुरूग्राम में रहे तो वहां भी अपराधी मानसिकता नहीं छोड़ी। साथ मिलकर ऑटो ड्राइवर मनोज व उसके दो बच्चों का अपहरण कर लिया। किस्मत साथ थी जो कार हादसे में घायल होकर बच्चे पुलिस के साथ लग गए और उसके बाद नत्थू के घर से मनोज को भी सकुशल छुड़ा लिया गया।

पुलिस के अनुसार, मनमोहन और उसके पिता नत्थू सिंह प्लानिंग घर में बंधक बनाकर रखे गए गुरुग्राम के ऑटो ड्राइवर मनोज की हत्या कर उसके बच्चों की रिहाई के बदले मोटी फिरौती मांगने की थी। बच्चों को दूसरी जगह शिफ्ट करते समय कार के टैंकर से टकरा जाने और उसमें सवार मनमोहन सिंह तीन किडनैपर के मारे जाने से पूरा प्लान फेल हो गया। मनमोहन का साथी प्रिंस और पिता नत्थू अब पुलिस की हरासत में हैं। गुरुग्राम पुलिस दोनों का ट्रांजिट रिमांड लेगी, ताकि उनको हरियाणा लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सके।
गुरुग्राम के डीएलएफ-1 थाने में अपहरण का मामला दर्ज होने से कार्रवाई का जिम्मा हरियाणा पुलिस ही संभाल रही है और पुलिस हर संभव सहयोग करने में जुटी है।

बता दें कि 5 अप्रैल की शाम थाना सीबीगंज क्षेत्र में दो बाइक सवारों को रोंदकर बेकाबू कार के टैंकर से टकरा जाने से 5 लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें तीन किडनैपर भी शामिल थे। मृतकों की शिनाख्त फरीदपुर के टांडा निवासी मनमोहन, पीलीभीत निवासी सिकंदर व रामपुर के बिलासपुर निवासी विशेष के रूप हुई थी, जबकि उनका साथी प्रिंस घायल हो गया था। अगवा किए गए ऑटो ड्राइवर मनोज के दो बेटे कुनाल(5) और लक्ष्य (3) भी हादसे में घायल हो गए थे। जांच में सामने आया कि अपहरण की साजिश में मनमोहन का पिता नत्थू सिंह भी शामिल था। गुरुग्राम पुलिस नत्थू व प्रिंस को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। अफसरों का कहना है कि गुरुग्राम से अपहरण किए गए मनोज और उनके दोनों बेटों मयूर व लक्ष्य को सुरक्षा में भेजा जाएगा। आरोपी प्रिंस व नत्थू को रिमांड के तहत स्थानीय मजिस्ट्रेट के सामने पेश करने की तैयारी है।

संबंधित समाचार