कैलाशकुंज कॉम्पलेक्स को तोड़कर 110 करोड़ से नई बिल्डिंग बनाएगा LDA, जानें क्या कुछ होगा खास

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार : लखनऊ विकास प्राधिकरण चार दशक पुराने कैलाशकुंज व्यावसायिक कॉम्पलेक्स को री-डेवलपमेंट का मॉडल बनाएगा। पुराने भवन को तोड़कर वहां 13 मंजिला आलीशान बिल्डिंग बनाई जाएगी, जिसमें नीचे व्यावसायिक दुकानें और ऊपर प्रीमियम फ्लैट्स होंगे। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने शनिवार को अधिकारियों के साथ बैठक करके री-डेवलपमेंट के प्रस्ताव को अंतिम रूप देने के निर्देश दिये।

उपाध्यक्ष ने बताया कि अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित कैलाशकुंज कॉम्पलेक्स 40 साल पुराना है। 6046 वर्गमीटर क्षेत्रफल के भूखंड पर निर्मित इस कॉम्पलेक्स में लगभग 280 दुकानें हैं। हाल ही में कॉम्पलेक्स का सर्वे कराया गया, जिसमें पाया गया कि बिल्डिंग जगह-जगह से जर्जर हो गयी है और अधिकांश दुकानें बंद पड़ी हैं। कुछ दुकानों, कॉमन एरिया व पार्किंग स्पेस में अनाधिकृत कब्जा है।

110 करोड़ से होगा निर्माण

उपाध्यक्ष ने बताया कि पूर्व प्रस्ताव के तहत यह कार्य पीपीपी मोड पर कराया जाना था। लेकिन अब प्राधिकरण स्वयं बिल्डिंग बनाएगा। लगभग 110 करोड़ रुपये की लागत से 45 मीटर ऊंची 13 मंजिला बिल्डिंग बनायी जाएगी। जिसके भूतल, प्रथम तल एवं द्वितीय तल पर दुकानें व ऑफिस स्पेस रहेगा। वहीं, बाकी के तलों पर 3 बीएचके फ्लैट निर्मित किये जाएंगे।

पुराने आवंटियों को मिलेगा सवा गुना क्षेत्र

उपाध्यक्ष ने बताया कि कैलाशकुंज कॉम्पलेक्स के आवंटियों से वार्ता करके री-डेवलपमेंट के लिए सहमति जुटायी जा रही है। उन्होंने बताया कि नयी बिल्डिंग बनने पर पुराने आवंटियों को सवा गुना एरिया मिलेगा। जिस आवंटी की 100 वर्ग फिट की दुकान होगी, उसे नयी बिल्डिंग में 125 वर्गफिट क्षेत्रफल की दुकान दी जाएगी।

अलीगंज और गोमती नगर में भी री-डेवलपमेंट

उपाध्यक्ष ने बताया कि अलीगंज के सेक्टर-जी स्थित व्यावसायिक कॉम्पलेक्स के री-डेवलपमेंट का भी प्रस्ताव तैयार कराया जा रहा है। 11,000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में निर्मित इस पुराने कॉम्पलेक्स में लगभग 100 दुकानें बनी हैं। री-डेवलपमेंट के तहत यहां 14 मंजिला बिल्डिंग बनायी जाएगी, जिसमें 250 दुकानें और 3 बीएचके श्रेणी के 72 फ्लैट बनाये जाएंगे। इसी तरह गोमती नगर स्थित उजाला कॉम्पलेक्स के री-डेवलपमेंट की भी योजना बनाई जा रही है।

संबंधित समाचार