Assembly Election 2026 : असम, केरल और पुडुचेरी के लोगों से प्रधानमंत्री मोदी ने की अपील, बड़ी संख्या में करें अपने मताधिकार का प्रयोग
दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को असम, केरल और पुडुचेरी के लोगों से अपने प्रदेश में विधानसभा चुनाव में बड़ी संख्या में अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की। अंग्रेजी के अलावा असमिया, मलयालम और तमिल में जारी अलग-अलग संदेशों में प्रधानमंत्री ने विशेष रूप से युवाओं और महिलाओं से आगे आकर मतदान करने का आग्रह किया।
उन्होंने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "असम विधानसभा चुनाव 2026 के लिए मतदान शुरू होने के साथ, मैं असम के लोगों से बड़ी संख्या में अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील करता हूं। मुझे उम्मीद है कि राज्य के युवा और महिला मतदाता उत्साहपूर्वक भाग लेंगे और इस चुनाव को लोकतंत्र और जन कर्तव्य का पर्व बनाएंगे।"
केरल के लोगों से बड़ी संख्या में मतदान करने का आह्वान करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि रिकॉर्ड भागीदारी राज्य की लोकतांत्रिक भावना को और सशक्त करेगी। उन्होंने कहा, "मैं विशेष रूप से राज्य के युवाओं और महिलाओं से आगे आकर बड़ी संख्या में मतदान करने का अनुरोध करता हूं।" प्रधानमंत्री ने पुडुचेरी के प्रत्येक मतदाता से भी रिकॉर्ड संख्या में मतदान करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा, "मैं विशेष रूप से हमारे युवाओं और महिला मतदाताओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत करने की अपील करता हूं। पुडुचेरी के भविष्य को आकार देने में हर वोट महत्वपूर्ण है।" असम की 126, केरल की 140 और पुडुचेरी की 30 विधानसभा सीट के लिए बृहस्पतिवार को मतदान हो रहा है। पुडुचेरी विधानसभा में 30 सीट पर जनता के वोट से उम्मीदवार निर्वाचित होते हैं जबकि तीन सदस्यों को केंद्र सरकार द्वारा मनोनीत किया जाता है।
प्रियंका गांधी- बढ़-चढ़कर कर मतदान की अपील
असम, केरल और पुड्डुचेरी विधानसभा चुनावों के लिए गुरुवार को जारी मतदान के बीच कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मतदाताओं से बेहतर भविष्य के लिए मतदान करने की अपील की है। श्रीमती वाड्रा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में सक्रिय भागीदारी निभाने का भी अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि सभी को बेहतर भविष्य के लिए मतदान करना चाहिए। केरल की जनता को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने लिखा कि राज्य के लोग ऐसी सरकार के हकदार हैं जो उनकी बात सुने, उनकी समस्याओं को समझे और उनके कल्याण के लिए दिन-रात काम करे।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल सत्ता में बने रहना या भ्रष्टाचार करना नहीं होना चाहिए बल्कि जनता को प्राथमिकता देना होना चाहिए। उन्होंने कहा कि अब बदलाव का समय है और यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट ही वह बदलाव ला सकता है। वहीं, असम के मतदाताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, "मेरी प्यारी बहनों और भाइयों, आज लोकतंत्र के महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लीजिए।
अपने राज्य, अपनी जमीन, अपनी संस्कृति और अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए वोट करें।" उन्होंने जोर देकर कहा कि जनता ऐसी सरकार की हकदार है जो केवल उनके लिए काम करे और उन्हें मजबूत बनाए। सुश्री गांधी ने अंत में "जय असम, जय कांग्रेस" के नारे के साथ अपनी अपील समाप्त की। ग़ौरतलब है कि तीनों राज्यों की विधानसभा चुनावों के लिए मतदान जारी है।
