घर बैठे आधार समस्याओं का समाधान: UIDAI का नया पोर्टल लॉन्च, ऑनलाइन अपॉइंटमेंट सुविधा शुरू

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचारः नया आधार कार्ड बनवाने या संशोधन के लिए अब घर बैठे अपनी सुविधानुसार अपॉइंटमेंट ले सकेंगे। यूआईडीएआई ने ऑनलाइन पोर्टल https://generatetoken.page/index.html जारी कर दियाहै। इस पोर्टल के जिरये आवेदक अपनी सुविधानुसार एक सप्ताह में किसी भी दिन और समय का चयन कर सकेंगे। निर्धारित समय पर पहुंचने पर एक ही दिन में समस्या का समाधान संभव होगा, जिससे अनावश्यक भीड़ और समय की बर्बादी से राहत मिलेगी। 

दरअसल जिले भर में संचालित सेवा केंद्रों पर नामांकन या पते में बदलाव तो हो जाते हैं, लेकिन जन्मतिथि, नाम सुधार, आधार निलंबन, लिंग परिवर्तन, कार्ड खो जाना या बायोमेट्रिक संबंधी कार्य के लिए लखनऊ आरओ जाना पड़ता था। यहां भीड़ के कारण समय लगता है, कई बार कार्य न होने पर दोबारा आना पड़ता है। 

यूआईडीएआई (आरओ) के उपमहानिदेशक प्रशांत कुमार सिंह के अनुसार, पोर्टल पर जाकर नाम, मोबाइल नंबर, आधार के अंतिम चार अंक, लिंग, आयु, जिला और सेवा का प्रकार भरना होगा। इसके बाद 14 अंकों की क्यूआरसी संख्या दर्ज करनी होगी, जिससे अपॉइंटमेंट टोकन जनरेट हो जाएगा। क्यूआरसी प्राप्त करने के लिए 1947 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल कर सकते हैं। इसके अलावा यूआईडीएआई की आधिकारिक वेबसाइट से भी यह जानकारी हासिल की जा सकती है।

जीपीओ आधार कार्ड संशोधन का बना प्रमुख केंद्र

वायरल तस्वीर (15)

आधार कार्ड बैंकिंग सेवाओं से लेकर सरकारी योजनाओं में लगभग अनिवार्य हो गया है। जिनके आधार में कोई भी कमी है, उन्हें योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाता है। ऐसे लोगों को त्रुटि सुधार का सुधार जिले के अन्य केंद्रों के साथ लखनऊ जीपीओ में भी किया जा रहा है। 

प्रतिदिन 150 से अधिक आवेदनों का हो रहा निस्तारण

जीपीओ में प्रतिदिन 150 से अधिक आवेदन पत्र जमा किए जाते हैं, जिनका निस्तारण उसी दिन कर दिया जाता है। सहायक चीफ पोस्ट मास्टर राजेश कुमार के अनुसार, यहां सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक आधार से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध रहती हैं। यही वजह है कि सुबह से ही लोगों की भीड़ लगनी शुरू हो जाती है, जो देर शाम तक बनी रहती है।

टोकन व्यवस्था से आसान हुआ प्रक्रिया

वायरल तस्वीर (16)

जीपीओ में आने वाले लोगों को टोकन के माध्यम से फॉर्म दिए जाते हैं, जिससे उन्हें लंबी कतारों में खड़ा नहीं रहना पड़ता। कुछ ही समय में उनका नंबर आ जाता है और काम तेजी से पूरा हो जाता है। इस सुव्यवस्थित व्यवस्था के कारण लोगों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है।

मोबाइल नंबर संशोधन के लिए अलग काउंटर

यहां एक विशेष सुविधा यह भी है कि केवल मोबाइल नंबर अपडेट कराने वालों के लिए अलग काउंटर बनाया गया है। ऐसे लोगों को न तो टोकन लेना पड़ता है और न ही फॉर्म भरना होता है। वे सीधे काउंटर पर जाकर अपना नंबर अपडेट करा सकते हैं। प्रतिदिन लगभग 40 से 50 लोग इस सुविधा का लाभ उठाते हैं।

दूसरे जिलों से भी पहुंच रहे लोग

जीपीओ की बेहतर व्यवस्था के कारण आसपास के जिलों से भी लोग यहां पहुंच रहे हैं। बाराबंकी से आए जावेद ने बताया कि यहां समय पर काम हो जाता है और अनावश्यक भागदौड़ नहीं करनी पड़ती। वहीं, सीतापुर के रामचंद्र ने बताया कि उनके जिले में अधिक भीड़ होने के कारण उन्होंने लखनऊ आकर ही अपने आधार कार्ड में संशोधन कराया।

 ये भी पढ़ें :
हरदोई के BSA पर लापरवाही के आरोप: प्रशासन ने शुरू की विभागीय जांच, जानिए मामला  

संबंधित समाचार