मौसम की मार झेल रहे यूपी के किसानों को जल्द मुआवजा, मुख्य सचिव ने जिलाधिकारियों को दिए निर्देश
लखनऊ, अमृत विचार: मुख्य सचिव एसपी गोयल ने सभी मंडलायुक्तों और जिलाधिकारियों को असमय बारिश, ओलावृष्टि और आगजनी से रबी फसलों को हुए नुकसान पर संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में फील्ड स्तर के अधिकारी तत्काल पहुंचकर सर्वेक्षण कार्य शीघ्र पूरा कराएं, ताकि किसानों को जल्द मुआवजा मिल सके।
मुख्य सचिव ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी मंडलायुक्तों और जिलाधिकारियों के साथ बैठक कर कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि बीमित किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत नुकसान की भरपाई के लिए 72 घंटे के भीतर आवेदन करने के प्रति जागरूक किया जाए। साथ ही पशुहानि और जनहानि की स्थिति में 24 घंटे के भीतर राहत राशि वितरण सुनिश्चित किया जाए। बैठक में कृषि उत्पादन आयुक्त दीपक कुमार, अपर मुख्य सचिव पशुधन मुकेश कुमार मेश्राम, प्रमुख सचिव कृषि रवीन्द्र समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
सभी आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के आयुष्मान कार्ड बनाए
वहीं स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा के दौरान मुख्य सचिव ने आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड बनाने में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के 100 प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए और प्रत्येक ऑपरेटर आईडी से कम से कम एक कार्ड बनाया जाए। इसके अलावा, नंद बाबा दुग्ध मिशन के अंतर्गत लंबित ऋण स्वीकृति मामलों का शीघ्र निस्तारण करने और अनुदान की किश्तों का समयबद्ध वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
फसल बीमा कराने वाले 90 किसानों के दावे किए गए स्वीकृत
जिले में आंधी-बारिश से नुकसान हुई गेहूं की बीमित फसल का कंपनी क्षतिपूर्ति देगी। 72 घंटे के अंदर टोलफ्री नंबर पर किसानों ने 127 व्यक्तिगत दावे किए हैं। इनमें 92 स्वीकृत किए गए हैं। शेष का सर्वे जारी है। मंगलवार शाम और बुधवार सुबह बारिश से गेहूं की फसल को नुकसान का कृषि विभाग की टीम ने सर्वे किया। इसमें राजस्व के मानकों के अनुसार क्षति नहीं मिली। गेहूं की फसल को बीमा कराने वाले 127 किसानों ने नुकसान होने का दावा किया। इनमें 90 दावे स्वीकृत कर कृषि विभाग और बीमा कंपनी के प्रतिनिधियों ने सर्वे किया।
सर्वे में गेहूं को 2 से 3 फीसद ही मिला नुकसान
इस सर्वे में 2 से 3 फीसद नुकसान पाया। इस नुकसान की भरपाई बीमा कंपनी करेगी। 13 दावे डुप्लीकेसी के कारण निरस्त कर दिए गए, शेष प्रक्रिया में रहे। जिला कृषि अधिकारी तेग बहादुर सिंह ने बताया कि जिले में ज्यादा बारिश नहीं हुई। फसल को 2 से 3 फीसद ही नुकसान हुआ है, उतना बीमा कंपनी भुगतान करेगी। अभी सर्वे चल रहा है।
