कुशीनगर से लापता 6 लड़कियां बस्ती में बरामद, जानें क्या है पूरा मामला

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

कुशीनगर। उत्तर प्रदेश में कुशीनगर जिले के कसया थाना क्षेत्र से एक साथ लापता हुई छह लड़कियों को पुलिस ने गुरुवार को बस्ती जिले के गौर रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि कुशीनगर नगर पालिका क्षेत्र के मल्लूडीह वार्ड से बुधवार को छह लड़कियां बिना किसी को सूचना दिए घर से निकल गई थीं।

सूचना मिलते ही कसया थाने में गुमशुदगी दर्ज कर पुलिस ने तत्काल तलाश शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि लड़कियां लखनऊ जाने की योजना बना रही थीं, ताकि वहां काम कर अपने पैरों पर खड़ी हो सकें।पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी कुंदन कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया। टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और विभिन्न जनपदों से समन्वय के आधार पर तलाशी अभियान चलाया।

इसी क्रम में गुरुवार सुबह करीब नौ बजे सभी लड़कियों को बस्ती के गौर रेलवे स्टेशन से सुरक्षित बरामद कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि सभी लड़कियां सकुशल हैं और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। इस सफल कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक ने टीम के अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना की है।

बरामदगी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक कसया आशुतोष सिंह, थाना तमकुहीराज प्रभारी गिरिजेश उपाध्याय, स्वाट प्रभारी स्वतंत्र कुमार सिंह, उपनिरीक्षक आदर्श मिश्रा, गणेश प्रजापति, सर्विलांस सेल के कर्मी केशम्मी कुमार, सुशील कुमार तथा महिला कांस्टेबल शैलजा तिवारी और साधना गिरी शामिल रहीं। 

संबंधित समाचार