शेयर बाजार की शानदार शुरुआत, सेंसेक्स और निफ्टी में आया जबरजस्त उछाल, जानिए किन स्टॉक्स में आई तेजी
मुंबई। घरेलू शेयर बाजारों सेंसेक्स और निफ्टी में शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में तेजी दर्ज की गई। बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 630.08 अंक चढ़कर 77,261.73 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 203.6 अंक की बढ़त के साथ 23,978.70 अंक पर पहुंच गया।
सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से एक्सिस बैंक, एशियन पेंट्स, बजाज फिनसर्व, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, आईसीआईसीआई बैंक और बजाज फाइनेंस के शेयर में सबसे अधिक तेजी रही। वहीं सन फार्मा, इन्फोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा और टाइटन के शेयर नुकसान में रहे।
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की 225, चीन का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग बढ़त में रहे। अमेरिकी बाजार बृहस्पतिवार को सकारात्मक रुख के साथ बंद हुए थे। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.20 प्रतिशत की बढ़त के साथ 96.11 डॉलर प्रति बैरल रहा।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बृहस्पतिवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने 1,711.19 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। दूसरी ओर, घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 955.90 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। सेंसेक्स बृहस्पतिवार को 1.20 प्रतिशत और निफ्टी 0.93 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ था।
