Stock market closed : शुरुआती बढ़त गंवाकर लाल निशान पर बंद हुए दोनों मानक सूचकांक,135 अंक टूटा सेंसेक्स, जानें आज के टॉप लूजर्स
मुंबई। उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में स्थानीय शेयर बाजारों में बृहस्पतिवार को शुरुआती तेजी जाती रही दोनों मानक सूचकांक नुकसान में रहे। प्रमुख कंपनियों के शेयरों में मुनाफावसूली से बीएसई सेंसेक्स 135 अंक टूटा जबकि एनएसई निफ्टी में चार अंक की मामूली गिरावट आई। तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 135.03 अंक यानी 0.18 प्रतिशत टूटकर 75,183.36 अंक पर बंद हुआ।
कारोबार में दौरान यह ऊंचे में 75,945.79 अंक तक गया और नीचे में 74,996.78 अंक तक आया। यानी इसमें 949.01 अंक का उतार-चढ़ाव आया। पचास शेयरों पर आधारित एनएसई निफ्टी 4.30 अंक यानी 0.02 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 23,654.70 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स की कंपनियों में से बजाज फाइनेंस, टेक महिंद्रा, हिंदुस्तान यूनिलीवर, इन्फोसिस, बजाज फिनसर्व और भारती एयरटेल के शेयर प्रमुख रूप से नुकसान में रहे।
दूसरी तरफ लाभ में रहने वाले शेयरों में इंटरग्लोब एविएशन, ट्रेंट, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और अदाणी पोर्ट्स शामिल हैं। लाइवलॉन्ग वेल्थ के शोध विश्लेषक और संस्थापक हरिप्रसाद के ने कहा, ''भारतीय शेयर बाजारों में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। सकारात्मक वैश्विक संकेतों के बीच वृहद आर्थिक स्थिति को लेकर चिंता तथा उच्चस्तर पर मजबूत प्रतिरोध के कारण मानक सूचकांकों ने अपनी मजबूत शुरुआती बढ़त खो दी।''
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.71 प्रतिशत टूटकर 104.3 डॉलर प्रति बैरल पर रहा। एशिया के अन्य बाजारों में, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और जापान का निक्की बढ़त के साथ बंद हुए। चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग गिरावट के साथ बंद हुए। यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार में तेजी का रुख था।
अमेरिकी बाजार बुधवार को काफी बढ़त के साथ बंद हुए थे। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 1,597.35 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। बीएसई सेंसेक्स बुधवार को 117.54 अंक चढ़कर 75,318.39 अंक पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 41 अंक बढ़कर 23,659 अंक पर रहा था।
