Barabanki Crime News: झाड़ियों में मिला महिला का शव, हत्या की आशंका
देवा/बाराबंकी, अमृत विचार। देवा-चिनहट मार्ग पर गुरुवार सुबह उमरी गांव के पास ओखरा पुलिया के निकट झाड़ियों में एक अज्ञात महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। आशंका है कि महिला की कहीं अन्य स्थान पर हत्या कर शव को सुनसान इलाके में लाकर फेंका गया है। मामले के खुलासे के लिए पुलिस सीसी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों को खंगाल रही है।
जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के करौंदा गांव निवासी दान सिंह गुरुवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे टहलने निकले थे। उमरी गांव के पास ओखरा पुलिया के निकट सड़क किनारे झाड़ियों में उन्हें एक महिला का शव पड़ा दिखाई दिया। महिला के शरीर के ऊपरी और निचले हिस्से के आधे भाग तक काले वस्त्र थे। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर यशकांत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा कि शव को कहीं अन्य स्थान से लाकर सड़क किनारे झाड़ियों में फेंका गया है। इंस्पेक्टर यशकांत सिंह ने बताया कि महिला के शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले हैं, जिससे मौत के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चल सकेगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी संगम कुमार और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस मार्ग पर लगे सीसी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ महिला की शिनाख्त कराने में जुटी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
नहर में उतराता मिला वृद्धा का शव
माती थाना क्षेत्र में तिंदोला गांव के पास गुरुवार दोपहर एक वृद्धा का शव इंदिरा नहर में उतराता दिखा। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव बाहर निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अभी तक मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। जानकारी के अनसार गांव के पास गुरुवार की दोपहर इंदिरा नहर में एक महिला का शव उतराते हुए देख सनसनी फैल गई। कुछ ही देर में वहां पर लोगों की भीड़ जुट गई। इसी बीच लोगों ने इसी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से शव को नहर के बाहर निकलवाया। कोतवाल अजय कुमार त्रिपाठी के अनुसार मृतका की आयु करीब 65 वर्ष है। उनके शरीर पर साड़ी के साथ ही मंगलसूत्र व अन्य आभूषण भी हैं। शव कुछ दिन पुराना लग रहा है। ऐसा लग रहा कि महिला नहर में नहाने के दौरान डूब गई।
संदिग्ध परिस्थितियों में गर्भवती विवाहिता की मौत
शहर कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान उत्तर टोला निवासी सरवन नट की पत्नी चांदनी के रूप में हुई। वह पांच माह की गर्भवती थी। बताया गया कि मोहम्मदपुर गांव की मूल निवासी चांदनी का चार वर्ष पूर्व सरवन नट से प्रेम विवाह हुआ था। गुरुवार सुबह नौ बजे चांदनी के भाई मिन्दर नट को पड़ोसियों से बहन की मौत की जानकारी मिली।
इसके बाद मृतका के मंझले भाई राजेंद्र ने अपने जीजा सरवन को तीन बार फोन किया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। अनहोनी की आशंका पर मायका पक्ष ने मोहम्मदपुर के प्रधान से संपर्क किया। प्रधान की सूचना के बाद मायका पक्ष पुलिस के साथ मौके पर पहुंचा, जहां शव जमीन पर रखा मिला। ससुराल पक्ष फांसी लगाकर आत्महत्या करने की बात कह रहा।
पति सरवन के अनुसार वह गुरुवार सुबह पत्नी को अल्ट्रासाउंड जांच कराने ले गया था, जहां चिकित्सक ने कुछ लिखवाकर लाने को कहा। घर लौटने पर उसने पत्नी को पूरी बात बताई, जिसके बाद वह किसी बात को लेकर नाराज हो गई और कमरे का दरवाजा बंद कर फांसी लगा ली। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया पर डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
