Uttrakhand News: हीट वेव बढ़ा सकती है आपकी मुश्किल ! राजधानी में हेल्पलाइन नंबर जारी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

देहरादून, अमृत विचार। राजधानी देहरादून में तेज गर्मी और बढ़ते तापमान के असर के चलते जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशों पर हीट वेव से संबंधित सहायता एवं शिकायतों के लिए जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को सक्रिय कर दिया गया है। आमजन सहायता हेतु हेल्पलाइन नंबर 2726066, 2626066 तथा व्हाट्सएप नंबर 7534826066 पर संपर्क कर सकते हैं।

जरूरी हो तभी घर से निकलें
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें तथा गर्मी से बचाव के सभी आवश्यक उपाय अपनाएं। प्रशासन का कहना है कि सावधानी और जागरूकता से ही हीट वेव के दुष्प्रभावों से बचा जा सकता है। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों और चिकित्सा इकाइयों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। 

गर्मी से बचने को करें ये उपाय
वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.के झा ने शरीर में पानी की कमी से बचने के लिए दिन भर पर्याप्त मात्रा में पानी एवं तरल पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में तरबूज, नींबू पानी, जलजीरा, नारियल पानी और अन्य पानी युक्त फलों का सेवन लाभकारी रहेगा। 

ये हैं हीट वेव की चपेट में आने के लक्षण
बताया कि हीट वेव के दौरान चक्कर आना, सिरदर्द, तेज बुखार, उल्टी या बेहोशी जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत निकटतम चिकित्सालय में संपर्क करना चाहिए, क्योंकि छोटी सी लापरवाही भी गंभीर स्वास्थ्य समस्या का कारण बन सकती है।

संबंधित समाचार