Bareilly News: बरेली की इस यादगार शाम में फिर होगी किसी 'प्रियंका चोपड़ा' की तलाश
बरेली, अमृत विचार। बरेली एक बार फिर एक यादगार शाम का गवाह बनने जा रहा है। सुंदरता, आत्मविश्वास और टैलेंट के दम पर दुनिया में छाने को बेताब युवतियां अपने हुनर का प्रदर्शन करेंगी। ज्यूरी की निगाहें फिर किसी प्रियंका चोपड़ा की खोज पर टिकी होंगी। इसलिए क्योंकि एक ऐसी ही शाम में, इसी मंच पर दुनिया को बॉलीवुड और हॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा मिली थीं।
इस उम्र की युवतियां लेंगी हिस्सा
बरेली में एक प्रतिष्ठित क्लब है-बरेली क्लब लिमिटेड। यह क्लब हर साल मई में‘मे क्वीन बॉल’प्रतियोगिता आयोजित करता है। इस बार ये प्रतियोगिता 23 मई को होगी। इस प्रतियोगिता में 16 से 25 साल तक की अविवाहित युवतियां हिस्सा ले सकती हैं। आवेदन प्रक्रिया चल रही है। बरेली क्लब में फॉर्म जमा हो रहे हैं। सिने जगत, मॉडलिंग या फिर ग्लैमर से जुड़े किसी भी विधा में करियर बनाने का ख्वाब है तो आप भी आवेदन कर सकती हैं।
1999 में प्रियंका चोपड़ा बनी थीं मे क्वीन बॉल
बरेली क्लब का मई क्वीन मंच, अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा की तरह आपके सपनों को भी अनंत उड़ान देने वाला साबित हो सकता है। वर्ष 1999 में प्रियंका चोपड़ा ने ‘मे क्वीन बॉल’ का खिताब जीता था। इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुढ़कर नहीं देखा और सफलता की अनंत उड़ान पर बढ़ती गईं। उधर, दुनिया को एक शानदार अभिनेत्री देने वाला ये मंच भी वक्त के साथ अपनी प्रतिष्ठा गढ़ता गया।
क्या कहते हैं आयोजक
आयोजकों का कहना है कि आज के समय में ऐसे मंच युवाओं को आगे बढ़ने का आत्मविश्वास देते हैं। कई बार छोटे शहरों की प्रतिभाएं सही मौका न मिलने की वजह से पीछे रह जाती हैं, लेकिन ‘मे क्वीन बॉल 2026’ जैसे कार्यक्रम उन्हें अपनी पहचान बनाने का अवसर देते हैं। आवेदन पत्र बरेली क्लब लिमिटेड कार्यालय, रामाडा एंकोर और चावला एंड एसोसिएट्स पर उपलब्ध हैं। आवेदन की अंतिम तारीख 18 मई है। इसके बाद चयन प्रक्रिया शुरू होगी और चयनित प्रतिभागियों को फिनाले के लिए तैयार किया जाएगा।
फिनाले में मिलेगा मौका
फिनाले के दौरान प्रतिभागियों को अलग-अलग राउंड में अपनी प्रस्तुति देनी होगी। इसमें उनके आत्मविश्वास, प्रस्तुति और व्यक्तित्व के आधार पर अंक दिए जाएंगे। अनुभवी जज विजेता ‘मे क्वीन’ और रनर-अप का चयन करेंगे।
लाइव परफॉर्मेंस का जलवा
कार्यक्रम में शहर के कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, सैन्य अधिकारी, क्लब के सदस्य और उनके परिवार वाले शामिल होंगे। डांस परफॉर्मेंस, लाइव सिंगिंग और कई सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे।
