शुभेंदु के सहयोगी की हत्या मामले में यूपी एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, बलिया से आरोपी गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बलिया। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के सहयोगी चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में उत्तर प्रदेश विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने बलिया जिले से 35 वर्षीय एक कथित अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान फेफना थाना क्षेत्र के थम्हनपुरा गांव निवासी नवीन कुमार सिंह के रूप में हुई है। 

उसे केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा साझा की गई जानकारी के आधार पर पकड़ा गया, जो इस हत्याकांड की जांच कर रही है। एसटीएफ अधिकारियों के मुताबिक, 19 मई को वाराणसी इकाई की टीम बलिया पहुंची और तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान आरोपी के कब्जे से हथियारों और कारतूसों का जखीरा बरामद किया गया। 

एसटीएफ इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह की शिकायत पर फेफना थाने में शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि बलिया के ही एक अन्य अपराधी ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह उर्फ मन्नू और उसके दो सहयोगियों ने उसे हथियारों से भरा बैग सौंपा था। बाद में एसटीएफ ने राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे स्थित एक कार शोरूम से हथियार बरामद किए, जिनमें तीन पिस्तौल, दो रिवाल्वर और 45 कारतूस शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, बरामद हथियारों में एक पिस्तौल अमेरिका निर्मित भी है। 

अधिकारियों ने बताया कि नवीन कुमार सिंह के खिलाफ पहले से भी रंगदारी और मारपीट के मामले दर्ज हैं। उसे अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में मऊ जेल भेज दिया गया है। इस मामले में एक अन्य आरोपी राज कुमार सिंह को पहले ही मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि दो अन्य आरोपी फरार हैं। जांच एजेंसियां उनके ठिकानों का पता लगाने में जुटी हैं। 

बलिया से खरीदी गई थी चंद्रनाथ रथ की हत्या  में इस्तेमाल कार : पुलिस 

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के सहयोगी चंद्रनाथ रथ की हत्या में इस्तेमाल की गई कार उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से खरीदी गई थी। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। यह खुलासा ऐसे समय में हुआ है जब केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) और उत्तर प्रदेश पुलिस का विशेष कार्य बल (एसटीएफ) इस हत्या के प्रमुख आरोपियों में शामिल बलिया निवासी ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह की तलाश में जिले के कई इलाकों में लगातार छापेमारी कर रही हैं। घटना के बाद से वह फरार है।

पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने कहा कि मामले की जांच सीबीआई कर रही है और स्थानीय पुलिस को एजेंसी की जांच से संबंधित कोई जानकारी नहीं है। इस बीच, बांसडीह रोड थाना क्षेत्र के फुलवरिया गांव निवासी जितेंद्र सिंह ने दावा किया कि 'मिट्ठू' उर्फ दीपक नामक व्यक्ति ने पिछले वर्ष अक्टूबर में उसके माध्यम से 35 हजार रुपये में एक निसान माइक्रा कार खरीदी थी।

उन्होंने आरोप लगाया कि यही वाहन बाद में एक मई को ज्ञानेंद्र प्रताप उर्फ मन्नू को 50 हजार रुपये में बेच दिया गया। जितेंद्र ने संवाददाताओं को बताया कि हाल ही में सीबीआई की एक टीम उनके घर आई थी और वाहन के संबंध में पूछताछ की थी। उन्होंने कहा कि उन्होंने जांच एजेंसी को पूरी जानकारी उपलब्ध कराई है।

 

संबंधित समाचार