बाराबंकी : शारदा नहर में फंसी मां-बच्चे डॉल्फिन की मौत, हीट स्ट्रोक की आशंका;रेस्क्यू ऑपरेशन भी फेल
बाराबंकी, अमृत विचार। वन रेंज देवा क्षेत्र अंतर्गत गुरुवार की सुबह बड्डूपुर थाना क्षेत्र में शारदा नहर में रींवा-सींवा के पास एक मादा डॉल्फिन और उसके बच्चे के फंसे होने की सूचना से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया, लेकिन भीषण गर्मी के चलते काफी प्रयासों के बावजूद दोनों डॉल्फिन को बचाया नहीं जा सका।
वन क्षेत्राधिकारी देवा मयंक सिंह ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे सूचना प्राप्त होते ही उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया तथा वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू अभियान में TSA के डॉक्टर शैलेन्द्र सिंह भी मौजूद रहे और डॉल्फिन को बचाने के प्रयास किए गए।
हालांकि अत्यधिक गर्मी और प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण जानवरों की जान नहीं बचाई जा सकी प्रथम दृष्टया डॉल्फिन की मौत का कारण हीट स्ट्रोक माना जा रहा है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए बाराबंकी भेजा गया है, जहां डॉक्टरों के पैनल द्वारा परीक्षण कर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा।
ये भी पढ़ें :
बाराबंकी : नौचंदी मेले में शीतल पेयजल व मिष्ठान की व्यवस्था, भीषण गर्मी में जायरीनों को मिली राहत
