एसआईआर : जिले में कट गए दो लाख 48 हजार 116 मतदाता

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी ने जारी की मतदाता सूची, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि रहे मौजूद

मुरादाबाद, अमृत विचार। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया में जिले में दो लाख 48 हजार 116 मतदाताओं के नाम कट गए। एसआईआर प्रक्रिया से पहले जिले की सभी छह विधानसभाओं में कुल 24 लाख 59 हजार 455 मतदाता पंजीकृत थे। एसआईआर प्रक्रिया पूरी होने के बाद शुक्रवार को जारी अंतिम मतदाता सूची में अब जिले में 22,11,339 मतदाता रह गए हैं।

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से पहले जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 24,59,455 मतदाता थे। इसके बाद जिला निर्वाचन अधिकारी अनुज सिंह ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में एसआईआर प्रक्रिया के समापन पर अंतिम रूप से मतदाता सूची जारी कर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को मतदाता सूची की एक-एक प्रति वितरित की। उनसे प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली। सभी ने इस पर संतुष्टि जताई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिले में पिछले साल अक्टूबर में शुरू हुई एसआईआर प्रक्रिया के दौरान जब 6 जनवरी 2026 को निर्वाचक नामावलियों का आलेख्य (ड्राफ्ट) प्रकाशित किया गया तो जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 20,71,844 रह गई। हालांकि इसके बाद निर्वाचन आयोग के निर्देश पर बढ़ी समयावधि में अनमैप्ड मतदाताओं को नोटिस जारी कर सुनवाई की गई और इसी बीच मतदाताओं से फार्म-6, फार्म 7 और 8 भरवाकर प्रक्रिया बढ़ाई गई तो इसके पूरा होने के बाद अब अंतिम रूप से जारी मतदाता सूची में सभी छह विधानसभाओं को मिलाकर जिले में कुल 22,11,339 मतदाता हो गए हैं।

उन्होंने बताया कि आलेख्य प्रकाशन के बाद की प्रक्रिया के बाद मतदाताओं की संख्या में 1,39,495 का इजाफा हो गया। जिले के कुल मतदाताओं में 11,91,155 पुरुष, 10,20,114 महिला और 70 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। अंतिम मतदाता सूची जारी करने के दौरान सपा जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह यादव, कुंदरकी के पूर्व विधायक हाजी रिजवान, महेंद्र कुमार, कांग्रेस जिलाध्यक्ष विनोद गुम्बर, आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता शाने आलम, भाजपा सहित अन्य राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

अंतिम मतदाता सूची में विधानसभावार स्थिति
विधानसभा का नाम पुरुष मतदाता महिला मतदाता थर्ड जेंडर कुल मतदाताओं की संख्या
कांठ              1,96,137 1,66,198 9 3,62,344
ठाकुरद्वारा 1,90,989 1,64,130 1 3,55,120
मुरादाबाद ग्रामीण 1,71,581 1,47,893 6 3,19,480
मुरादाबाद नगर 2,49,377 2,21,916 34 4,71,327
कुंदरकी             1,81,299 1,52,574 9 3,33,882
कुल 11,91,155 10,20,114 70 22,11,339

संबंधित समाचार