लखनऊ : बीबीएयू और आईआईडी के बीच हुआ एमओयू, छात्रों को मिलेगा उद्यमिता का नया मंच
लखनऊ। बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर केंद्रीय विश्वविद्यालय (बीबीएयू) और इंस्टीट्यूट फॉर इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट (आईआईडी), लखनऊ के बीच शुक्रवार को समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते का मुख्य उद्देश्य छात्रों में उद्यमिता के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना है। एमओयू को लेकर विवि के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने बताया कि इसके तहत छात्रों के स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक बुनियादी ढांचे का विकास किया जाएगा।
साथ ही विद्यार्थियों और शोधार्थियों को 'वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट' और 'वन डिस्ट्रिक्ट वन क्यूज़ीन' जैसे कार्यक्रमों से जोड़कर उन्हें व्यावहारिक अनुभव प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके अंतर्गत शोधार्थियों के प्रोजेक्ट्स के लिए विशेष रोडमैप तैयार किया जाएगा तथा उद्योग आधारित कार्यशालाओं का वार्षिक कैलेंडर भी बनाया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को व्यावसायिक संभावनाओं की बेहतर समझ मिल सके।
एमओयू के तहत बीबीएयू के विद्यार्थियों को सेल्फ-पेस्ड शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी और वर्चुअल इंडस्ट्रियल टूर भी आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा, उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए एक विशेष मोबाइल एप्लिकेशन विकसित किया जाएगा। आईआईडी और समाधान संस्था द्वारा उभरते उद्यमियों को इनक्यूबेशन, मार्गदर्शन और तकनीकी सहयोग भी प्रदान किया जाएगा।
