लखनऊ जंक्शन पर निर्माण कार्य से बढ़ी यात्रियों की परेशानी, मार्ग परिवर्तन और ठहराव की जानकारी के अभाव में बढ़ी दिक्कत

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचारः लखनऊ जंक्शन रेलवे स्टेशन पर चल रहे कॉनकोर्स निर्माण कार्य ने यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। उत्तर रेलवे की ओर से प्लेटफॉर्म शेल्टर हटाने और फाउंडेशन कार्य के चलते 4 से 11 अप्रैल तक कई ट्रेनों के मार्ग और ठहराव में अस्थायी बदलाव किया गया है।

इस बदलाव के तहत ट्रेनों को मानक नगर-लखनऊ-मल्हौर की जगह मानक नगर-ऐशबाग रेलवे स्टेशन-मल्हौर मार्ग से संचालित किया जा रहा है। वहीं उतरेटिया-लखनऊ-आलमनगर के बजाय ट्रेनों को ट्रांसपोर्ट नगर होते हुए आलमनगर रेलवे स्टेशन की ओर भेजा जा रहा है। कुछ ट्रेनों का अस्थायी ठहराव ऐशबाग और बादशाहनगर रेलवे स्टेशन पर किया गया है। 

मार्ग परिवर्तन की पर्याप्त जानकारी न मिलने से यात्रियों को स्टेशन पर पूछताछ काउंटर के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। चारबाग आने वाले यात्रियों को अब वैकल्पिक स्टेशनों से ट्रेन पकड़नी पड़ रही है, जिससे समय और खर्च दोनों बढ़ रहे हैं।

अलीगंज निवासी मधु ने बताया कि उन्हें 6 अप्रैल को ट्रेन पकड़नी है, लेकिन अब पता चला कि जंक्शन पर ठहराव नहीं है। वहीं विकास नगर के चन्द्रकांत श्रीवास्तव ने कहा कि वैष्णोदेवी जाने के लिए अब दूसरे स्टेशन जाना पड़ेगा, जिससे सामान के साथ परेशानी और किराया दोनों बढ़ेंगे। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन की अद्यतन जानकारी अवश्य प्राप्त करें।

ये भी पढ़ें :
BRD के बदहाल रैन बसेरा: गर्मी से बेहाल हो रहे तीमारदार, राहत के लिए कोई इंतजाम नहीं 

संबंधित समाचार