RO-ARO परीक्षा में अभ्युदय योजना के 10 अभ्यर्थियों ने पाई सफलता, निःशुल्क कोचिंग और बेहतर मार्गदर्शन से निखरी प्रतिभा
लखनऊ, अमृत विचार : योगी सरकार की मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना एक बार फिर युवाओं के सपनों को साकार करने में सफल रही है। हाल ही में घोषित आरओ-एआरओ परीक्षा परिणाम में इस योजना से जुड़े 10 अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। इनमें 9 पुरुष और एक महिला अभ्यर्थी शामिल हैं।
चयनित अभ्यर्थियों में चित्रकूट के दिवाकर सिंह, महोबा के दीपेश कुमार खरे, सहारनपुर के विशेष प्रजापति व मोहित कनौजिया, प्रदीप राजपूत, बाराबंकी के संजीत कुमार वर्मा, लखनऊ के मृत्युंजय सिंह, पीलीभीत के अविनाश कुमार, खुशबू पटेल और औरैया के धर्मेंद्र शामिल हैं। सहारनपुर के विशेष प्रजापति ने पहले ही प्रयास में 37वीं रैंक हासिल कर विशेष उपलब्धि दर्ज की है।
अभ्यर्थियों ने बताया कि योजना के तहत उन्हें उच्च गुणवत्ता की निःशुल्क कोचिंग, अनुशासित वातावरण और बेहतर अध्ययन सामग्री मिली, जिससे उनकी तैयारी मजबूत हुई।
समाज कल्याण विभाग के उपनिदेशक आनंद कुमार सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी की मंशा के अनुरूप योजना का दायरा लगातार बढ़ रहा है। इस योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क तैयारी कराई जाती है।
