लखनऊ : बीएलओ को भाजपा एजेंट बताकर किया हंगामा, रिपोर्ट
लखनऊ, अमृत विचार : ठाकुरगंज इलाके में बीएलओ को भाजपा एजेंट बताकर कुछ लोगों ने हंगामा करते हुए वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पीड़ित महिला बीएलओ ने चार नामजद और एक दर्जन अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बालागंज निवासी महिला विधानसभा उत्तर क्षेत्र बर्फखाना भाग संख्या-5 की बीएलओ हैं। उन्होंने बताया कि 2 फरवरी को वह ठाकुरगंज इलाके में स्थित सेंट जोजफ स्कूल में एसआईआर संबंधित सुनवाई कर रही थीं। इसी दौरान स्कूल में मुश्किम, हमजा बिलाल, निशार, पूजा शुक्ला व उनके 12 अन्य साथी घुस आए।
आरोपियों ने बीएलओ पर भाजपा एजेंट का आरोप लगाकर हंगामा करने लगे। जिससे निर्वाचन संबंधित कार्य प्रभावित हुआ और पीड़िता की तबीयत बिगड़ गई। यही नहीं आरोपियों ने पीड़िता की वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल की। इंस्पेक्टर ओमवीर सिंह चौहान ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।
