लखनऊ में गंदगी देख भड़के प्रभारी मंत्री : बीट इंचार्ज निलंबित, कार्यदाई संस्था पर लगाया 50 हजार का जुर्माना
लखनऊ, अमृत विचार : जिले के प्रभारी और वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री लखनऊ सुरेश खन्ना ने शनिवार को महापौर सुषमा खर्कवाल के साथ जोन-7 के चार वार्डों का औचक निरीक्षण किया। गंदगी मिलने पर बीट इंचार्ज को निलंबित कर दिया गया और कार्यदाई संस्था पर 50 हजार रुपये जुर्माना लगाया गया। प्रभारी मंत्री को भूतनाथ मार्केट के पीछे कॉलोनी में गंदगी मिली।
इस पर उन्होंने एसएफआई संचिता मिश्रा को फटकार लगाई और उनका दो दिन का वेतन काटने का आदेश दिया। कार्यदायी संस्था मदर स्वच्छकार इंटरप्राइजेज पर 50 हजार रुपये जुर्माना लगाने और बीट इंचार्ज दयाराम को निलंबित करने का आदेश दिया। मंत्री और महापौर ने स्थानीय नागरिकों से डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन पर भी फीडबैक लिया। इसमें भी अनियमितता की शिकायतें मिलीं।
अरविंदो पार्क के पीछे गलियों में भी सड़क पर कूड़ा मिला। इस लापरवाही पर महापौर ने नाराजगी जताई और लखनऊ स्वच्छता अभियान (एलएसए) पर 1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया। बीट इंचार्ज राम मनोज का तीन दिन का और एसएफआई रूपेंद्र भास्कर का दो दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया। इस्माइलगंज प्रथम वार्ड में डोर-टू-डोर कलेक्शन, रोड स्वीपिंग एवं नालियों की सफाई व्यवस्था की समीक्षा में स्थिति खराब मिली।
इस पर बीट इंजार्च बृजेश को निलंबित कर दिया गया। सफाई में लापरवाही पर लॉयन सिक्योरिटी गार्ड सर्विसेज पर 50,000 रुपये जुर्माना लगाया। सेक्टर 14 तिराहे पर सड़क पर लोहे की रॉड लगा मिला।मंत्री ने 24 घंटे में उसे हटाने के निर्देश दिए। निरीक्षण में नगर आयुक्त गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त ललित कुमार, पंकज श्रीवास्तव, अरुण कुमार गुप्त, चीफ इंजीनियर महेश वर्मा, मनोज प्रभात, जोनल अधिकारी रामेश्वर प्रसाद सहित नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
